अमेरिका में इस वक्त मेजर लीग क्रिकेट (MLC) के तीसरे सीजन का आयोजन किया जा रहा है। जारी टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला कैलिफोर्निया के ऑकलैंड कोलिजीयम में MI न्यू यॉर्क और टेक्सास सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस मैच में टेक्सास के लिए खेल रहे फाफ डु प्लेसिस ने शानदार कैच पकड़ा। 40 साल के फाफ ने इस मैच में फिटनेस का शानदार नजारा पेश करते हुए एक अद्भुत कैच लपका और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है।
फाफ डु प्लेसिस का कैच देखकर सभी रह गए हैरान
फाफ डु प्लेसिस ने ये कैच MINY की पारी के 14वें ओवर में पकड़ा। पारी का 14वां ओवर टेक्सास की तरफ से एडम मिल्ने फेंक रहे थे। उस ओवर की दूसरी गेंद पर माइकल ब्रेसवेल ने एक जोरदार शॉट लगाया, लेकिन 30 यार्ड सर्किल के अंदर फील्डिंग कर रहे फाफ ने हवा में उड़ते हुए एक हाथ से अद्भुत कैच पकड़ा। फाफ डु प्लेसिस के इस कैच को देखकर खुद माइकल ब्रेसवेल भी हैरान थे और उन्होंने जो रिएक्शन दिया वो देखने लायक था।
बैटिंग में फाफ डु प्लेसिस नहीं कर पाए कुछ खास कमाल
फाफ डु प्लेसिस इस मुकाबले में बल्लेबाजी में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और वह 15 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि उन्होंने ब्रेसवेल का कैच पकड़कर कर टीम की जीत में अपना अहम योगदान दिया।
MI न्यू यॉर्क और टेक्सास सुपर किंग्स के मैच का हाल
मैच की बात करें तो टेक्सास सुपर किंग्स ने एमआई न्यू यॉर्क को 3 रनों से हराया। मुकाबले में टेक्सास सुपर किंग्स की टीम ने पहले बैटिंग की। उन्होंने डेवोन कॉनवे और केल्विन सैवेज की अर्धशतकीय पारी के बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 185 रन का स्कोर बनाए।
जवाब में एमआई न्यू यॉर्क ने भी रन चेज के दौरान अच्छा प्रदर्शन किया। एक वक्त उनकी जीत लगभग पक्की लग रही थी, लेकिन आखिरी ओवर में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। एमआई न्यूयॉर्क की तरफ से मोनांक पटेल ने शानदार 44 गेंद में 62 रनों की पारी खेली। इसके अलावा माइकल ब्रेसवेल ने 38 रनों का योगदान दिया। लेकिन अंत में एमआई न्यू यॉर्क 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 182 रन ही बना सकी और उन्हें 3 रनों से हार का सामना करना पड़ा।