1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. PSL 2026: बॉल टेम्परिंग मामले में फखर जमां की अपील हुई खारिज, बैन को रखा गया बरकरार

PSL 2026: बॉल टेम्परिंग मामले में फखर जमां की अपील हुई खारिज, बैन को रखा गया बरकरार

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Apr 03, 2026 04:38 pm IST,  Updated : Apr 03, 2026 04:38 pm IST

पाकिस्तान सुपर लीग के जारी सीजन में लाहौर कलंदर्स की टीम से खेल रहे फखर जमां को बॉल टेम्परिंग के चलते 2 मैचों का बैन लगाया था, जिसमें उन्होंने इस फैसले को चुनौती देते हुए अपील की थी, जिसको लेकर अब पीसीबी की तरफ से फैसला आ गया है।

Fakhar Zaman And Shaheen Afridi- India TV Hindi
फखर जमां और शाहीन अफरीदी Image Source : AFP

पाकिस्तान सुपर लीग के 11वें सीजन में लगातार एक से बड़े एक कांड देखने को मिल रहे हैं, जिसमें सबसे ज्यादा सुर्खियां अभी तक फखर जमां पर बॉल टेम्परिंग के चलते लगे बैन ने बटोरी है। पीएसएल 2026 में 29 मार्च को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच में मुकाबला खेला गया, जिसमें कराची किंग्स की टीम जब 129 रनों के टारगेट का पीछा कर रही थी, तो उन्हें 19वें ओवर के खत्म होने पर पेनल्टी के 5 रन मिले। इसके पीछे की सबसे बड़ी वजह फखर जमां को लेकर फील्ड अंपायर ने गेंद के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाया था जिसका फायदा कराची किंग्स की टीम को मिला। वहीं इस मामले की बाद में सुनवाई भी हुई और फखर जमां को दोषी मानते हुए उनको 2 मैचों के लिए बैन कर दिया गया। फखर जमां ने इस फैसले को लेकर चुनौती दी थी, जिसको लेकर अब पीसीबी की तरफ से भी उनकी अपील को खारिज कर दिया गया है।

फखर जमां पर बरकरार रहेगा 2 मैचों का बैन

फखर जमां को बॉल टेम्परिंग घटना के बाद मैच रेफरी रोशन महानामा ने दो मैचों का बैन लगाया था। इसके बाद फखर जमां जो इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज करते हुए दिखे थे उन्होंने पीएसएल की टेक्निकल कमेटी में इस फैसले को चुनौती दी थी, लेकिन वहां से भी उन्हें निराशा का ही सामना करना पड़ा है और उनपर 2 मैचों के बैन को बरकरार रखा गया है। अब फखर जमां 3 अप्रैल को मुल्तान सुल्तान्स और 9 अप्रैल को इस्लामाबाद यूनाइटेड के खिलाफ होने वाले मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। फखर जमां को गेंद की स्थिति बदलने के लिए लेवल तीन के अपराध का आरोप लगाया गया था।

मेरे खिलाफ निर्णायक सबूत उपलब्ध नहीं हैं

पीएसएल की टेक्निकल कमेटी के सामने फखर जमां ने बॉल टेम्परिंग के फैसले को लेकर जो चुनौती दी थी उसमें उन्होंने अपनी अपील में कहा था कि इसकी पुष्टि करने के लिए कोई निर्णायक सबूत उपलब्ध नहीं है कि मैंने गेंद से छेड़छाड़ की थी और इसलिए प्रतिबंध वापस लिया जाना चाहिए। पीएसएल के आचार संहिता के अनुसार पहली बार लेवल-3 अपराध करने पर खिलाड़ी को कम से कम एक मैच और अधिकतम दो मैचों के लिए निलंबित किया जाता है। पीएसएल 2026 में लाहौर कलंदर्स की टीम ने अब तक 2 मुकाबले खेले हैं जिसमें से वह एक में जीत हासिल करने में कामयाब रहे तो उन्होंने एक मैच में हार का सामना किया है। अभी वह प्वाइंट्स टेबल में 2 अंकों के साथ 5वें नंबर है।

ये भी पढ़ें

CSK vs PBKS: चेपॉक में आएगा संजू सैमसन का तूफान, पूर्व भारतीय क्रिकेटर की बड़ी भविष्यवाणी

CSK vs PBKS: आज खेलेंगे एमएस धोनी? पहले मैच में क्यों हो गए थे बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल