अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान का लंबी बीमारी के बाद 7 जुलाई को भारत में निधन हो गया। 39वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले उनका देहांत हो गया। उनके निधन की खबर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया पर शेयर की है और बोर्ड ने अपने पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान के निधन पर शोक जताया है। जादरान 'हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस' (HLH) से जूझ रहे थे, जो इम्यून सिस्टम की एक गंभीर बीमारी है। इससे शरीर के कई अंगों को नुकसान पहुंच सकता है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक वह पिछले कुछ महीनों से दिल्ली-NCR इलाके में इलाज करवा रहे थे।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शापूर जादरान के लिए क्या लिखा?
जादरान सबसे पहले पिछले साल अक्टूबर में बीमार पड़े थे, जिसके बाद अफगानिस्तान के डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए भारत जाने की सलाह दी थी। शुरुआत में उन पर इलाज का अच्छा असर हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन इसके 20 दिन बाद उनकी हालत फिर बिगड़ गई थी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सोशल मीडिया पर जादरान को श्रद्धांजलि दी और कहा कि शापूर जादरान के योगदान और उपलब्धियां हमेशा अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास का अहम हिस्सा रहेंगी।
अफगानिस्तान के लिए टी20 और वनडे मैच खेले थे शापूर
जादरान अफगानिस्तान के बहुत अच्छे और तेज गेंदबाज थे। उन्होंने अपनी टीम को दुनिया में आगे बढ़ाने के लिए बहुत मेहनत की। उन्होंने अफगानिस्तान के लिए वनडे और टी-20 मैच खेले। लोग उनकी तेज और खतरनाक गेंदबाजी को बहुत पसंद करते थे। वह उन खिलाड़ियों में से थे, जिन्होंने अफगानिस्तान को वर्ल्ड कप और टी-20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े मैचों तक पहुंचाया। उन्हीं की वजह से आज अफगानिस्तान की टीम दुनिया की मजबूत टीमों को टक्कर देने में कामयाब हो पा रही है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में कैसा रहा शापूर का प्रदर्शन?
इंटरनेशनल क्रिकेट में शापूर जादरान के प्रदर्शन को लेकर बात करें तो वह अफगानिस्तान के लिए 44 वनडे, 36 T20 इंटरनेशनल मैच खेलने में कामयाब रहे थे। वनडे में वह 44 मैचों में 43 विकेट लेने में कामयाब रहे थे। वहीं T20I में उन्होंने 37 विकेट हासिल किए थे। जादरान ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 17 और लिस्ट ए क्रिकेट में 56 विकेट निकाले थे। जादरान आखिरी बार 10 मार्च 2019 को देहरादून में आयरलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में अफगानिस्तान के लिए खेले थे।
यह भी पढ़ें
रोहित शर्मा ने इंग्लैंड सीरीज के लिए शुरू की तैयारी, नेट्स में जमकर बहा रहे हैं पसीना
टीम इंडिया को चैंपियन बनाने वाले प्लेयर्स की ये दुर्दशा, आखिर बीसीसीआई की कोशिश क्या है