भारत और अफगानिस्तान के बीच में चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे वनडे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम की पारी 218 रनों पर सिमट गई। वहीं इसके बाद टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की पारी बिना कोई गेंद फेंके सीधे 5 रनों के साथ शुरू हुई। इसके पीछे की बड़ी वजह अफगानिस्तान टीम के बल्लेबाजों की भारी गलती है जिसके चलते उनकी टीम पर 5 रनों का जुर्माना लगाया गया था। भारतीय टीम की तरफ से इस मैच में गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा का कमाल देखने को मिला जो अपने वनडे करियर में किसी मुकाबले में पहली बार 5 विकेट हॉल लेने में कामयाब रहे।
कप्तान हशमतुल्लाह की गलती के चलते लगी 5 रनों की पेनल्टी
अफगानिस्तान की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने शुरुआती 4 विकेट पहले 10 ओवर्स में ही गंवा दिए थे। इसके बाद उनके कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने एक छोर से पारी को संभाला और टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक लेकर जाने का प्रयास किया। अफगानिस्तान की पारी के 40वें ओवर की आखिरी गेंद पर हशमतुल्लाह शाहिदी ने एक रन लेने का प्रयास किया लेकिन बाद में उन्होंने मना कर दिया। इसी दौरान वह पिच के बीच में दौड़ गए थे जिसके चलते फील्ड अंपायर ने तुरंत उनके कप्तान की इस गलती को लेकर 5 पेनल्टी रनों का जुर्माना लगाया। इसी के चलते जब भारतीय टीम की तरफ से टारगेट का पीछा करने यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा की जोड़ी मैदान पर उतरी तो पारी का आगाज होने से पहले ही टीम इंडिया के खाते में 5 रन जुड़े हुए थे।
अफगानिस्तान की तरफ से हशमतुल्लाह ने लगाया दूसरा सबसे धीमा शतक
टीम इंडिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में अफगानिस्तानी टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी वनडे फॉर्मेट में जहां अपना पहला शतक लगाने में कामयाब हुए तो वहीं वह अफगान टीम की तरफ से वनडे में सबसे धीमा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। इसके अलावा हशमतुल्लाह शाहिदी अफगानिस्तान के पहले ऐसे कप्तान हैं जो टीम इंडिया के खिलाफ किसी भी फॉर्मेट में शतक लगाने में कामयाब हो सके हैं।
वनडे में अफगानिस्तान के लिए सबसे धीमा शतक लगाने वाले खिलाड़ी
- इब्राहिम जादरान - 131 गेंदें (मुंबई, साल 2023)
- हशमतुल्लाह शाहिदी - 126 गेंदें (चेन्नई, साल 2026)
- उस्मान गनी - 125 गेंदें (बुलवायो, साल 2014)
- रहमत शाह - 125 गेंदें (ग्रेटर नोएडा, साल 2017)
- सदिकुल्लाह अटल - 125 गेंदें (हरारे, साल 2024)
ये भी पढ़ें
इंग्लैंड दौरे से पहले लगा टीम इंडिया को झटका, हार्दिक पांड्या अनफिट होने की वजह से हुए बाहर