भारत और अफगानिस्तान के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में अफगान टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया लेकिन उनकी शुरुआत काफी खराब देखने को मिली। पहले 10 ओवर्स का खेल खत्म होने पर अफगानिस्तान टीम के चार खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे। वहीं इसी के साथ प्रसिद्ध कृष्णा और रोहित शर्मा के नाम एक ऐसा यूनिक रिकॉर्ड भी जुड़ गया जो वनडे क्रिकेट में पहली बार दो भारतीय खिलाड़ी मिलकर करने में कामयाब हो सके हैं।
रोहित और प्रसिद्ध बने वनडे में इस यूनिक रिकॉर्ड का हिस्सा
अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में प्रसिद्ध कृष्णा ने पहले 10 ओवर्स में ही चार विकेट हासिल कर लिए थे। इसमें से शुरुआती तीन विकेट जो कृष्णा ने अपने नाम किए उसमें सभी में कैच रोहित शर्मा ने पकड़ा। इसी के साथ वनडे क्रिकेट इतिहास में रोहित और प्रसिद्ध अब उस यूनिक क्लब का हिस्सा बन गए हैं जिसमें किसी मैच की एक पारी में पहले तीन विकेट एक ही गेंदबाज ने हासिल किए और कैच पकड़ने वाला फील्डर या विकेटकीपर भी वही रहा। भारतीय वनडे क्रिकेट इतिहास में देखा जाए तो ऐसा पहली बार दो खिलाड़ियों ने मिलकर ये कारनामा किया है। प्रसिद्ध ने इस मैच की अपनी पहली गेंद पर रहमनुल्लाह गुरबाज को पवेलियन भेजा तो वहीं इसके बाद उन्होंने रहमत शाह और इब्राहिम जादरान का भी विकेट हासिल किया और तीनों में कैच रोहित शर्मा ने ही पकड़ा।
वनडे मैच में शुरुआती तीन विकेट लेने वाली एक ही गेंदबाज और फील्डर या विकेटकीपर
- एलिस्टर कैम्पबेल और डगलस होंडो - बनाम भारत, साल 2002
- अल्जारी जोसेफ और शे होप (विकेटकीपर) - बनाम इंग्लैंड, साल 2017
- सौरभ नेत्रवालकर और समित पटेल (विकेटकीपर) - बनाम यूएई, साल 2024
- प्रसिद्ध कृष्णा और रोहित शर्मा - बनाम अफगानिस्तान, साल 2026
अफगानिस्तान की पारी सिर्फ 218 रनों के स्कोर पर सिमटी
चेन्नई वनडे मैच में अफगानिस्तान टीम की तरफ से सिर्फ उनके कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ही बल्ले कमाल दिखाने में कामयाब हो सके जिसमें उन्होंने 102 रनों की पारी खेली। वहीं अफगान पारी 218 रनों के स्कोर पर सिमट गई। टीम इंडिया की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने 8.2 ओवर्स की गेंदबाजी में सिर्फ 23 रन देने के साथ 5 विकेट हासिल किए।
ये भी पढ़ें
इंग्लैंड सीरीज से पहले होगा विराट कोहली का फिटनेस टेस्ट, इस दिन पहुंचेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
इंग्लैंड दौरे से पहले लगा टीम इंडिया को झटका, हार्दिक पांड्या अनफिट होने की वजह से हुए बाहर