टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग की चोट (खिंचाव) के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। चोटिल होने की वजह से वह इस सीरीज में नहीं खेल पा रहे हैं। अब फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि क्या विराट जुलाई में होने वाले इंग्लैंड दौरे की वनडे सीरीज तक ठीक हो पाएंगे या नहीं। आपको बता दें कि इंग्लैंड सीरीज में उनके खेलने का फैसला उनके फिटनेस टेस्ट के बाद ही होगा, जो कि वह बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में देंगे।
22 जून को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचेंगे विराट
भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली की हैमस्ट्रिंग चोट में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। ESPN क्रिकइंफो के मुताबिक विराट अपनी फिटनेस की जांच कराने के लिए 22 जून को बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' (CoE) जाएंगे। भारत और इंग्लैंड के बीच 14 से 19 जुलाई तक वनडे मैचों की सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज में खेलने से पहले वहां के एक्सपर्ट्स विराट की चोट की अच्छे से जांच करेंगे, ताकि यह पता चल सके कि वह मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं या नहीं। वहां उनका एक फिटनेस टेस्ट भी होगा और इसे पास करने के बाद ही उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ खेलने की मंजूरी मिलेगी।
विराट कोहली आखिरी बार आईपीएल 2026 में खेलते हुए दिखे थे, जहाँ उनका प्रदर्शन बहुत शानदार रहा। उन्होंने इस सीजन के 16 मैचों में 56.25 के बेहतरीन औसत के साथ कुल 675 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए। आईपीएल खत्म होने के बाद से वह फिलहाल क्रिकेट से दूर हैं।
रोहित शर्मा भी होंगे इंग्लैंड सीरीज का हिस्सा
रोहित शर्मा को लेकर एक अच्छी खबर आ रही है। उम्मीद है कि वे इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में जरूर खेलेंगे। हाल ही में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों मैच खेले थे, जिसमें वे पूरी तरह फिट दिखाई दिए। दूसरी तरफ, पिछले साल जब रोहित और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया, तब से ही रोहित के वनडे करियर और 2027 के वर्ल्ड कप को लेकर काफी बातें हो रही हैं। अगले वर्ल्ड कप को देखते हुए लोग लगातार उनके फॉर्म, फिटनेस और आगे की प्लानिंग पर सवाल उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें
महारिकॉर्ड की दहलीज पर टीम इंडिया! अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ करते ही कर लेगी न्यूजीलैंड की बराबरी