महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड की महिला टीम ने एक रोमांचक मुकाबले में आयरलैंड को 4 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम जारी टूर्नामेंट में अपना खाता खोलने में कामयाब रही। जबकि आयरलैंड को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा है। इस जीत के बाद ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड की टीम चौथे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि लगातार तीन हार के साथ आयरलैंड की टीम सबसे निचले पायदान पर बनी हुई है।
न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 10 रन के स्कोर पर अपने 3 बड़े विकेट गंवा दिए थे। आयरलैंड की एमी मैग्वायर और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने कीवी टीम को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद कप्तान अमेलिया केर ने 30 रनों की पारी खेलकर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
हॉलिडे और शार्प की शानदार साझेदारी
शुरुआती झटकों के बाद ब्रुक हॉलिडे (34 रन) और इजी शार्प ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 62 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को संकट से बाहर निकालने की कोशिश की। इजी शार्प ने न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा 36 रन की पारी खेली। आखिरी ओवरों में अनुभवी सूजी बेट्स ने नाबाद 19 रन बनाए और अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 6 विकेट पर 140 रन तक पहुंचाया।
आयरलैंड की शानदार लड़ाई
141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज एमी हंटर जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान गैबी लुईस और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 110 रनों की शानदार साझेदारी की। प्रेंडरगास्ट ने 59 रन और गैबी लुईस ने भी अर्धशतक जमाकर आयरलैंड को जीत लगभग पक्की कर दी थी।
अमेलिया केर ने पलटा मैच का पासा
जब आयरलैंड आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी, तब 18वें ओवर में न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने एक ही ओवर में प्रेंडरगास्ट और रेबेका स्टोकल को आउट कर आयरलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद रोजमेरी मेयर ने गैबी लुईस का विकेट लेकर आयरलैंड की उम्मीदों को तोड़ दिया। आयरलैंड की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 136 रन ही बना सकी।
यह भी पढ़ें
ऋषभ पंत की होगी दिल्ली कैपिटल्स में वापसी, IPL 2027 में LSG से खेलते हुए दिखेंगे कुलदीप यादव