ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पूर्व तेज गेंदबाज आरोन समर्स ने नाबालिग से जुड़े यौन शोषण के गंभीर आरोपों को अदालत में स्वीकार कर लिया है। जुर्म कबूल करने के बाद अब उन पर लंबी जेल की सजा का खतरा मंडरा रहा है। यह मामला साल 2018 का है, जिसकी सुनवाई इन दिनों तस्मानिया की सुप्रीम कोर्ट में चल रही है।
अदालत में कबूला अपना जुर्म
30 साल के आरोन समर्स तस्मानिया और हॉबार्ट हरिकेन्स की ओर से घरेलू क्रिकेट खेल चुके हैं। डेली मेल के मुताबिक, उन्होंने जून के आखिर में अदालत में अपना पक्ष बदलते हुए आरोप स्वीकार कर लिए। उन्होंने नाबालिग के साथ यौन शोषण के दो मामलों और अश्लील सामग्री दिखाने के उद्देश्य से बच्चे को बहलाने-फुसलाने यानी ग्रूमिंग के एक मामले में खुद को दोषी माना। अदालत में सुनवाई के दौरान बताया गया कि यह घटनाएं उस समय हुई थीं, जब समर्स हॉबार्ट हरिकेन्स टीम का हिस्सा थे। जांच में सामने आया कि उन्होंने कथित पीड़ित से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया था, जिसके बाद यह अपराध हुआ।
समर्स की ओर से पैरवी कर रहीं वकील कैरोलिन ग्रेव्स ने अदालत में कहा कि यह घटनाएं उनके जीवन के बेहद कठिन दौर में हुई थीं। उस समय वह सामाजिक रूप से अलग-थलग पड़ गए थे और सोशल मीडिया पर जरूरत से ज्यादा समय बिताते थे। उन्होंने दावा किया कि समर्स अब अपने किए पर पछताते हैं और भविष्य में इस तरह का अपराध दोहराने की संभावना बेहद कम है।
पेशेवर क्रिकेट में वापसी को लगा झटका
डेली मेल के मुताबिक, वकील ने अदालत से कहा कि समर्स अपने इस अपराध को कभी नहीं भूल पाएंगे, लेकिन उन्हें अब जिंदगी में आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। ग्रेव्स ने यह भी बताया कि जिस समय यह घटनाएं हुईं, उस दौरान समर्स दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में गिने जाते थे और उनके इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने की संभावनाएं काफी मजबूत थीं। हालांकि, अब उन्हें एहसास है कि इस मामले के बाद ऑस्ट्रेलिया या विदेश में पेशेवर क्रिकेट में वापसी लगभग नामुमकिन हो चुकी है।
यह पहला मामला नहीं है जिसमें समर्स का नाम सामने आया है। इससे पहले वर्ष 2021 में भी उन्होंने नॉर्दर्न टेरिटरी में बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री रखने और उसे शेयर करने के अलग मामले में दोष स्वीकार किया था। उस मामले में उन्हें जेल की सजा भी हो चुकी है। मौजूदा मामले में बचाव पक्ष ने अदालत से सजा को खत्म करने की मांग की थी, लेकिन जज हेलेन वुड ने साफ संकेत दिए कि इस मामले में ऐसी राहत मिलने की संभावना नहीं है। फिलहाल जमानत पर चल रहे समर्स को हिरासत में भेज दिया गया है। अदालत अगस्त में उनकी सजा का ऐलान करेगी।
यह भी पढ़ें:
ऑस्ट्रेलिया ने दिया बड़ा संकेत, एलिस पेरी पूर तरफ फिट न होने पर भी खेल सकती हैं फाइनल
ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके खिलाड़ी की होगी घर वापसी, 5 साल से नहीं मिला है मौका