कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) ने एक बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड अब भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और कर्नाटक के पूर्व कप्तान आर विनय कुमार को टीम का नया हेड कोच नियुक्त कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो कर्नाटक क्रिकेट टीम के 42 साल के पूर्व कप्तान आर विनय कुमार को नया कोच बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। क्रिकेट प्रशासनिक समिति (CAC), जिसमें अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सुनील जोशी, जवागल श्रीनाथ और वेंकटेश प्रसाद जैसे दिग्गजों ने उनके नाम को हरी झंडी दे दी है। अब 13 अगस्त को होने वाली मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग में विनय कुमार और बाकी कोचिंग स्टाफ के नाम की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
MI एमिरेट्स टीम के बॉलिंग कोच रह चुके हैं विनय कुमार
मुंबई इंडियंस के लिए टैलेंट स्काउट करने के अलावा, विनय कुमार ILT20 लीग में MI एमिरेट्स टीम के बॉलिंग कोच भी रह चुके हैं। इसके साथ ही वे एक बेहतरीन कमेंटेटर भी हैं। माना जा रहा है कि विनय कुमार कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के इतिहास में सबसे ज्यादा फीस पाने वाले कोच बनने वाले हैं। कर्नाटक की राज्य क्रिकेट टीम, जो 2025-26 के रणजी ट्रॉफी में रनर-अप रही थी, इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है। टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जा रहा है और कप्तानी की जिम्मेदारी देवदत्त पडिक्कल को सौंपी गई है।
विनय कुमार की कप्तानी में कर्नाटक टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था
2013 से 2015 का समय कर्नाटक क्रिकेट के लिए सबसे शानदार दौर माना जाता है और विनय कुमार इस सफलता के सबसे बड़े हीरो थे। उस समय विनय कुमार कप्तान थे और जे अरुण कुमार मुख्य कोच थे। दोनों की जोड़ी के अंडर में कर्नाटक टीम ने इतना जबरदस्त प्रदर्शन किया कि उन्होंने रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी इन तीनों बड़े घरेलू टूर्नामेंटों को लगातार दो-दो बार जीतकर इतिहास रच दिया था। बता दें कि विनय कुमार ने साल 2021 में सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया था।
भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं विनय कुमार
विनय कुमार के पास काफी ज्यादा अनुभव है। वे भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं। उन्हें भारत के लिए एक टेस्ट (1 विकेट), 31 वनडे (38 विकेट) और 9 टी20 (10 विकेट) मैच में खेलने का मौका मिला। उन्होंने अपने करियर में कुल 40 इंटरनेशनल मैच खेले। विनय बतौर कप्तान 7 बड़े घरेलू खिताब जीत चुके हैं। फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के 139 मैचों में उन्होंने शानदार 22.44 की औसत से 504 विकेट लिए हैं, जिनमें से रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा 442 विकेट लेने का बेहतरीन रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम दर्ज है। वह आईपीएल में RCB, मुंबई इंडियंस और कोच्चि टस्कर्स केरला के लिए खेल चुके हैं।
यह भी पढ़ें
फिटनेस की वजह से पहले दो टेस्ट से बाहर हुआ धाकड़ ऑलराउंडर, तीसरे टेस्ट में हो सकती है वापसी
2 ओवर में 9 रन और 3 विकेट, टीम के 9 बल्लेबाज हुए सिंगल डिजिट स्कोर में आउट