1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ‘Stupid’ से ‘Superb’ बने ऋषभ पंत, 6 महीने में ही बदल गए सुनील गावस्कर के सुर

‘Stupid’ से ‘Superb’ बने ऋषभ पंत, 6 महीने में ही बदल गए सुनील गावस्कर के सुर

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 21, 2025 07:46 pm IST,  Updated : Jun 21, 2025 07:49 pm IST

भारत और इंग्लैंड के बीच हेडिंग्ले में पहला टेस्ट मैच जारी है। दूसरे दिन भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़ा। पंत ने छक्के से अपना शतक पूरा किया।

IND vs ENG- India TV Hindi
सुनील गावस्कर और ऋषभ पंत Image Source : GETTY

Rishabh Pant: भारतीय टीम 6 महीने पहले जब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थी, तो 26 से 30 दिसंबर 2024 के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच मेलबर्न के ऐतिहासिक ग्राउंड पर खेला जा गया था। इस मैच की दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने बहुत ही खराब शॉट खेलकर अपना विकेट स्कॉट बोलैंड को दे दिया था। तब कॉमेंट्री बॉक्स में मौजूद दिग्गज सुनील गावस्कर ने ऋषभ पंत की जमकर आलोचना की थी। उन्होंने पंत के खराब शॉट को देखकर गुस्से में तीन बार Stupid, Stupid, Stupid बोला था, जिसका वीडियो भी काफी वायरल भी हुआ था। इस घटना के करीब 6 महीने बाद अब इंग्लैंड दौरे पर ऋषभ पंत ने कुछ ऐसा कर दिखाया है, जिससे सुनील गावस्कर उनके फैन हो गए हैं। यही नहीं, पंत की तारीफ में गावस्कर ने तीन बार Superb, Superb, Superb भी कह दिया। 

पंत के फैन बने सुनील गावस्कर

दरअसल, इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया लीड्स के हेडिंग्ले में पहला टेस्ट मैच खेल रही है। पहले दिन जहां सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक ठोकने का कारनामा किया तो वहीं दूसरे दिन ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर का 7वां शतक जड़ा। पंत ने शानदार छक्के से अपना सैकड़ा पूरा किया और फिर गुलाटी मारकर जश्न मनाया। पंत के इस अंदाज को देख कमेंट्री कर रहे सुनील गावस्कर बेहद खुश हो गए और उन्होंने पंत की तारीफ में तीन बार Superb, Superb, Superb कह दिया। गावस्कर का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

भारत की पहली पारी सिमटी

भारत ने पहले टेस्ट में दूसरे दिन लंच तक 7 विकेट खोकर 454 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए थे। हालांकि, दूसरे सेशन में इंग्लिश गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की और टीम इंडिया की पहली पारी को 471 रनों पर समेट दिया। भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने 147, ऋषभ पंत ने 134 और यशस्वी जायसवाल ने 101 रन बनाए। केएल राहुल ने 42 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए जोश टंग और कप्तान बेन स्टोक्स ने 4-4 बल्लेबाजों का शिकार किया। ब्राइडन कार्स और शोएब बशीर के हाथ एक-एक सफलता लगी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल