भारतीय क्रिकेट से बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेटर गौहर सुल्ताना ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 37 साल की गौहर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए अपने रिटायरमेंट की जानकारी दी। उन्होंने 87 इंटरनेशनल मैचों में भारत का प्रितिनिधित्व किया।
गौहर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर लेफ्ट आर्म स्पिनर कुल 95 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने ODI में 66 विकेट चटकाने के अलावा T20I में 29 विकेट अपने नाम किए। ODI में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 रन देकर 4 विकेट लेना रहा। इंटरनेशनल क्रिकेट के अलावा उन्होंने WPL में भी अपना जलवा बिखेरा। उन्होंने WPL में UP वॉरियर्स के लिए 2 सीजन खेले लेकिन एक भी विकेट नहीं चटका सकी।
पाकिस्तान के खिलाफ हुआ था डेब्यू
टीम इंडिया के लिए गौहर ने 50 ODI मैच और 37 T20I मैच खेले। वह कई सालों से टीम से बाहर चल रही थी। उन्होंने अपना आखिरी मैच अप्रैल 2014 में खेला था। टीम इंडिया के लिए वह सिर्फ 6 साल ही खेल सकी। उन्होंने मई 2008 में पाकिस्तान के खिलाफ ODI मैच से इंटरनेशनल डेब्यू किया था।
सोशल मीडिया पर लिखी इमोशनल पोस्ट
गौहर सुल्ताना ने इंस्टाग्राम पर संन्यास का ऐलान करते हुए लिखा- मुस्कुराते हुए क्रिकेट को अलविदा। भारतीय जर्सी को गर्व और जुनून साथ पहनने के सालों बाद अब समय आ गया है कि वह अपने क्रिकेट सफर के सबसे भावुक पल को लिखें। वह क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से अपने संन्यास की घोषणा करती हैं। भारत का सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। सभी साथियों, कोच, सिलेक्टर्स और सपोर्ट स्टाफ का धन्यवाद।
उन्होंने आगे लिखा कि क्रिकेट हमेशा उनका घर रहेगा। हालांकि एक खिलाड़ी के रूप में मेरे करियर का अंत हो गया है, लेकिन खेल के लिए उनका प्यार पहले से कहीं ज्यादा है। वह क्रिकेट में नए तरीकों से योगदान देने, प्रेरित करने, मार्गदर्शन करने और खेल की सेवा करने के लिए उत्सुक हैं। यह संन्यास नहीं है। यह बस एक सुनहरे अध्याय का अंत है।