जिम्बाब्वे की टीम अभी अपने घर पर अफगानिस्तान की मेजबानी कर रही है, जिसमें एक मैच की टेस्ट सीरीज के मुकाबले को उन्होंने एकतरफा तरीके से अपने नाम किया। वहीं अब दोनों टीमों के बीच 29 अक्टूबर से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसको लेकर जिम्बाब्वे क्रिकेट ने अपनी स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जिसमें 7 साल के बाद 39 साल के लेग स्पिनर ग्रीम क्रेमर की वापसी देखने को मिली है। पिछले कुछ महीनों में जिम्बाब्वे क्रिकेट में उनके पूर्व खिलाड़ियों की वापसी देखने को मिली है और अब उसमें ग्रीम क्रेमर का नाम भी शामिल हो गया है।
क्रेमर ने छोड़ दिया था क्रिकेट
ग्रीम क्रेमर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2018 में खेला था, जिसके बाद वह अपने परिवार के साथ यूएई में जाकर बस गए थे। क्रेमर ने क्रिकेट छोड़कर गोल्फ खेलने की तरफ अपना रुख किया था। हालांकि अब एकबार फिर से उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की तरफ अपनी राह पकड़ी है, जिसमें क्रेमर अभी जिम्बाब्वे में घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं और उनकी कोशिश साल 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए जिम्बाब्वे की टीम में अपनी जगह बनाने पर है। क्रेमर के इंटरनेशनल करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने अब तक 19 टेस्ट, 96 वनडे और 29 टी20 मुकाबले खेले हैं। क्रेमर ने टेस्ट में जहां 57 विकेट हासिल किए हैं तो वहीं वनडे में 119 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि टी20 इंटरनेशनल में क्रेमर के नाम 35 विकेट दर्ज हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे का स्क्वाड
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैड इवांस, क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजारबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, ब्रेंडन टेलर।
दोनों टीमों के नजरें अगले साल वर्ल्ड कप की तैयारी पर
तीन मैचों की इस टी20 सीरीज का पहला मैच जहां 29 अक्टूबर को खेला जाएगा तो वहीं दूसरा और तीसरा मुकाबला 31 अक्टूबर और 2 नवंबर को होगा। टी20 सीरीज के तीनों ही मैच हरारे के मैदान पर होंगे। इस सीरीज में दोनों टीमों की नजरें साल 2026 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारियों को पुख्ता करने पर रहने वाली हैं। जिम्बाब्वे जो पिछली बार इस मेगा इवेंट में अपनी जगह नहीं बना पाई थी, इस बार उन्होंने क्वालीफायर राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टिकट हासिल की।
ये भी पढ़ें
अफगानिस्तान को हार के बाद लगा एक और झटका, ICC ने पूरी टीम पर इस वजह से लगाया जुर्माना
ICC Rankings: तीसरा वनडे हारी तो ऑस्ट्रेलिया को होगा डबल नुकसान, आईसीसी रैंकिंग में चली जाएगी नीचे