1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KKR vs GT Head to Head: कोलकाता को गुजरात के खिलाफ 3 साल से जीत का इंतजार, जानिए किसका पलड़ा भारी

KKR vs GT Head to Head: कोलकाता को गुजरात के खिलाफ 3 साल से जीत का इंतजार, जानिए किसका पलड़ा भारी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 16, 2026 09:14 am IST,  Updated : May 16, 2026 09:14 am IST

KKR vs GT Head to Head: IPL 2026 के 60वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स की गुजरात टाइटंस से टक्कर होगी। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में यह मुकाबला खेला जाएगा।

KKR vs GT - India TV Hindi
कोलकाता बनाम गुजरात Image Source : AFP

KKR vs GT Head to Head Record: IPL 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां हर मुकाबला प्लेऑफ की तस्वीर बदल रहा है। 16 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होने वाला मुकाबला भी कुछ ऐसा ही होने वाला है, जब तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना 2022 की विजेता गुजरात टाइटंस से होगा। एक तरफ KKR की टीम प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए मैदान में उतरेगी, तो दूसरी ओर गुजरात जीत के साथ आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ में जगह पक्की करना चाहेगी।

KKR के सामने करो या मरो की स्थिति

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली KKR का IPL 2026 सीजन उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। टीम ने अपने पहले 6 मुकाबलों में एक भी जीत हासिल नहीं की थी, जिससे उनका अभियान लगभग खत्म माना जाने लगा था। लेकिन इसके बाद कोलकाता ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार मैच जीतकर प्लेऑफ की रेस में खुद को वापस ला खड़ा किया। हालांकि, पिछले मुकाबले में RCB के खिलाफ मिली हार ने KKR की मुश्किलें फिर बढ़ा दीं। फिलहाल टीम 11 मैचों में 9 पॉइंट के साथ पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर है। अब कोलकाता के लिए समीकरण बेहद साफ है। अगर टीम को प्लेऑफ में पहुंचना है तो उसे अपने बाकी सभी मुकाबले जीतने होंगे। इसके बाद नेट रन रेट और दूसरी टीमों के नतीजे तय करेंगे कि KKR टॉप-4 में जगह बना पाती है या नहीं।

दूसरी तरफ शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस इस समय शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम लगातार पांच मैच जीत चुकी है और 12 मुकाबलों में 16 पॉइंट के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। अगर गुजरात आज KKR को हरा देती है, तो वह IPL 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन जाएगी। इतना ही नहीं, टीम पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 स्थान पर भी पहुंच जाएगी।

हेड टू हेड में गुजरात का दबदबा

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें गुजरात टाइटंस ने 4 मैच जीते हैं, जबकि KKR को सिर्फ 1 जीत मिली है। एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। दिलचस्प बात यह है कि KKR ने गुजरात के खिलाफ अपनी आखिरी जीत अप्रैल 2023 में दर्ज की थी। इसके बाद से गुजरात का पलड़ा लगातार भारी रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ईडन गार्डन्स में KKR वापसी करती है या फिर गुजरात अपनी जीत की लय बरकरार रखते हुए प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लेती है।

यह भी पढ़ें:

CSK qualification scenario: LSG से हार के बाद मुश्किल में चेन्नई, क्या अब भी मिल सकता है प्लेऑफ टिकट?

नहीं मिला एक भी मैच खेलने का मौका, अब IPL 2026 सीजन के बीच टीम को छोड़कर अपने देश लौटा घातक खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल