1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA: हार्दिक पांड्या ने रचा इतिहास, ऐसा डबल धमाका करने वाले बन गए पहले भारतीय

IND vs SA: हार्दिक पांड्या ने रचा इतिहास, ऐसा डबल धमाका करने वाले बन गए पहले भारतीय

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Dec 14, 2025 07:59 pm IST,  Updated : Dec 14, 2025 07:59 pm IST

IND vs SA: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ धर्मशाला के स्टेडियम में खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टी20 मैच में अपने टी20 इंटरनेशनल करियर के 100 विकेट पूरे करने के साथ एक बड़ा कारनामा भी किया है।

Hardik Pandya- India TV Hindi
हार्दिक पांड्या Image Source : PTI

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने जैसे ही ट्रिस्टन स्टब्स को अपना शिकार बनाया उसी के साथ वह एक नया इतिहास रचने में भी कामयाब हो गए। हार्दिक जिनकी गिनती वर्ल्ड क्रिकेट के बेहतरीन तेज गेंदबाज ऑलराउंडर खिलाड़ियों में की जाती है वह टीम इंडिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो टी20 इंटरनेशनल में 100 छक्के लगाने के साथ 100 विकेट भी लेने में कामयाब हुए हैं। हार्दिक से पहले भारतीय टीम का कोई भी खिलाड़ी टी20 इंटरनेशनल में ये कारनामा करने में कामयाब नहीं हो सका था।

हार्दिक बने इस खास लिस्ट का हिस्सा

टी20 इंटरनेशनल में हार्दिक पांड्या की गिनती मैच विनर खिलाड़ियों में की जाती है, जो बल्ले और गेंद दोनों से अपना प्रभाव दिखाने में कामयाब होते हैं। हार्दिक जहां 100 विकेट और 100 छक्के का डबल धमाका करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, वहीं वर्ल्ड क्रिकेट में वह सिर्फ चौथे ऐसे खिलाड़ी हैं जो ये कमाल करने में कामयाब हुए हैं। हार्दिक से पहले ये कारनामा टी20 इंटरनेशनल में शाकिब अल हसन, मोहम्मद नबी और सिकंदर रजा ने किया था। वहीं हार्दिक ये कारनामा करने वाले पहले तेज गेंदबाज ऑलराउंडर खिलाड़ी जरूर बन गए हैं। हार्दिक के पास अभी एक और कारनामा करने का मौका है, जिसमें वह टी20 इंटरनेशनल में अपने 2000 रनों से सिर्फ 61 रन दूर हैं।

अर्शदीप और बुमराह के क्लब का बने हिस्सा

भारतीय टीम के लिए टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने वाले अब हार्दिक तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिसमें उनसे पहले अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने ये कारनामा किया है। इसके अलावा हार्दिक टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने वाले अब तक के सिर्फ 34वें खिलाड़ी वर्ल्ड क्रिकेट में बने हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले हार्दिक का गेंद और बल्ले से दोनों से फॉर्म में रहना काफी अहम है क्योंकि उन्होंने साल 2024 में जब टीम इंडिया ने ट्रॉफी को अपने नाम किया था, तो उसमें दोनों से मैच विनर की भूमिका को अदा किया था।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी ने पाकिस्तान के खिलाफ गेंद से किया कमाल, विकेट लेकर तोड़ी अहम साझेदारी

IND vs PAK: कौन हैं 19 साल के आरोन जॉर्ज? जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेली 85 रनों की बेहतरीन पारी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल