पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए T20I क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया। UAE T20I ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में नंबर 10 पर बल्लेबाजी करने उतरे रऊफ ने मात्र 16 गेंदों पर 34 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 गगनचुंबी छक्के जड़े और अपनी आतिशी बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया। हारिस रऊफ की यह पारी पाकिस्तान क्रिकेट इतिहास में नंबर 10 पर किसी भी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बन गई। इससे पहले यह रिकॉर्ड तेज गेंदबाज वहाब रियाज के नाम था, जिन्होंने 10वें नंबर पर खेलते हुए 24 रन बनाए थे। रऊफ ने न सिर्फ इस रिकॉर्ड को तोड़ा बल्कि अपनी आक्रामक पारी से टीम के लिए अहम योगदान भी दिया।
पाकिस्तान के लिए रचा इतिहास
दिलचस्प बात यह है कि रऊफ की 34 रनों की नाबाद पारी T20I क्रिकेट में फुल-मेंबर नेशन के बीच नंबर 10 पर खेला गया संयुक्त रूप से दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है। इस लिस्ट में उनके साथ जिम्बाब्वे के फराज अकरम का नाम भी शामिल है, जिन्होंने नंबर 10 पर बल्लेबाजी करते हुए इतने ही रन बनाए थे। हारिस रऊफ की यह शानदार पारी बताती है कि क्रिकेट में निचले क्रम के खिलाड़ी भी मैच का रुख बदल सकते हैं। हालांकि, रऊफ की ये पारी पाकिस्तान को जीत नहीं दिला सकी। अफगानिस्तान के 169 रनों के जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन ही बना सकी।
पाकिस्तानी गेंदबाजों ने किया निराश
अफगानिस्तान की ओर से फजलहक फारूकी, कप्तान राशिद खान, मोहम्मद नबी और नूर अहमद ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इस मैच में हारिस रऊफ ने बल्ले से भले ही योगदान दिया लेकिन गेंद से असर नहीं छोड़ पाए। रऊफ ने 3 ओवर गेंदबाजी की लेकिन एक भी विकेट नहीं निकाल पाए। इस दौरान उन्होंने 12.70 के इकॉनमी रेट से 38 रन लुटाए। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा विकेट फहीम अशरफ ने झटके। फहीम ने 4 ओवर में 27 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। सैम अयूब को एक सफलता मिली।
टॉप पर अफगानिस्तान
UAE में खेली जा रही T20I ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के नाम 3 मैचों में 2-2 जीत दर्ज हैं। दोनों के बराबर 4 पॉइंट हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के चलते अफगानिस्तान की टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। मेजबान UAE सबसे निचले पायदान पर हैं।