1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. हसन अली ने इंग्लैंड में 258 की स्ट्राइक रेट से ठोके रन, मैच जिताने के बाद किया 'बैट ड्रॉप' सेलिब्रेशन, देखें VIDEO

हसन अली ने इंग्लैंड में 258 की स्ट्राइक रेट से ठोके रन, मैच जिताने के बाद किया 'बैट ड्रॉप' सेलिब्रेशन, देखें VIDEO

 Written By: Hitesh Jha
 Published : May 25, 2026 04:41 pm IST,  Updated : May 25, 2026 04:44 pm IST

Hasan Ali Video: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली इन दिनों इंग्लैंड के टी20 टूर्नामेंट (T20 Blast) में हिस्सा ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट में वह यॉर्कशायर की टीम का हिस्सा हैं।

Hasan Ali- India TV Hindi
हसन अली Image Source : X/SCREENGRAB@YORKSHIRE CCC

Hasan Ali Video: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली इन दिनों इंग्लैंड के फेमस टूर्नामेंट टी20 ब्लास्ट में यॉर्कशायर की टीम के लिए खेल रहे हैं। इस टूर्नामेंट में जारी सीजन का 15वां मैच यॉर्कशायर और डर्बीशायर के बीच खेला गया। इस मुकाबले में हसन अली गेंदबाजी में कुछ खास कमाल नहीं कर सके, लेकिन बल्लेबाजी में उन्होंने शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उनकी तूफानी पारी के बदौलत यॉर्कशायर की टीम ने 195 रन के टारगेट को आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। इस मुकाबले में हसन अली ने 258.33 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

हसन अली ने 12 बॉल पर बनाए 31 रन

डर्बीशायर की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए यॉर्कशायर के सामने 195 रन का टारगेट रखा था। यॉर्कशायर की टीम एक वक्त तक तक इस मैच में 139 के स्कोर पर 8 विकेट गंवा चुकी थी और यहां से उनका मैच जीत पाना नामुमकिन नजर आ रहा था। लेकिन हसन अली और एंड्र्यू टाय ने 9वें विकेट के लिए 23 बॉल पर नाबाद 56 रन की साझेदारी करके टीम को 2 विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। हसन अली ने इस दौरान 258.33 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 12 बॉल पर नाबाद 31 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। एंड्रयू टाय ने भी 13 गेंदों में 32 रन की अहम पारी खेली।

हसन अली का बैट ड्रॉप सेलिब्रेशन हुआ वायरल

यॉर्कशायर ने इस मैच को 2 विकेट से जीत लिया, लेकिन मैच जीतने के बाद जिस चीज की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है वो है हसन अली का सेलिब्रेशन। आखिरी ओवर में टीम को रोमांचक जीत दिलाने के बाद हसन अली ने बैट ड्रॉप सेलिब्रेशन किया जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। उन्होंने आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर मैच विनिंग सिंगल लिया और वह भागते-भागते बीच ग्राउंड तक पहुंच गए। उसके बाद उन्होंने वहीं पर बल्ला जमीन पर गिरा दिया। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

गेंदबाजी में भी हसन अली को मिला था एक विकेट

हसन अली ने इस मैच में चार ओवर गेंदबाजी भी की थी, वहां उन्होंने 37 रन खर्च करते हुए 1 विकेट अपने नाम किया। इस दौरान उन्होंने सलामी बल्लेबाज एन्यूरिन डोनाल्ड का विकेट लिया। यॉर्कशायर की बल्लेबाजी को लेकर बात करें तो वहां मोईन अली ने शानदार अर्धशतक लगाया था, उन्होंने 35 बॉल पर 51 रन की बेहतरीन पारी खेली जिसमें उनके बल्ले से 2 चौके और पांच छक्के आए।

यह भी पढ़ें

आईपीएल जीतने वाली टीम को कितनी मिलती है प्राइज मनी, क्या इस बार बढ़ेगी धनराशि

T20 World Cup में कैसा है कप्तान हरमनप्रीत कौर का रिकॉर्ड? 2024 में टीम इंडिया ग्रुप स्टेज से हो गई थी बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल