Harmanpreet Kaur Record: 12 जून 2026 से वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने वाली है। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था और वहां भारतीय टीम ने पहली बार खिताब को अपने नाम किया था। ऐसे में फैंस को आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भी भारतीय महिला टीम से काफी उम्मीदें हैं। आपको बता दें कि भारतीय महिला टीम अभी तक एक भी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम नहीं कर पाई है। ऐसे में इस साल उनके पास इस खिताब को जीतने के सुनहरा मौका है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय महिला टीम हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में खेलती हुई नजर आएगी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर का टी20 वर्ल्ड कप में कैसा है रिकॉर्ड?
टी20 वर्ल्ड कप में अब तक हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने 19 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें 13 में जीत मिली है और 6 में टीम इंडिया को हार का मुंह देखना पड़ा है। इस टूर्नामेंट में कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत कौर का जीत प्रतिशत 68.42 का रहा है। वहीं महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली कप्तानों की बात करें तो वहां हरमनप्रीत कौर और इंग्लैंड की हीथर नाइट संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं। उन दोनों ने इस टूर्नामेंट में कप्तान के तौर पर 13-13 मुकाबले जीते हैं। कप्तान के तौर पर इस टूर्नामेंट में हरमनप्रीत का रिकॉर्ड काफी अच्छा है। अब भारतीय महिला टीम आगामी वर्ल्ड कप में भी उनकी कप्तानी में कुछ करिश्मा करना चाहेगी।
2024 में सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाई थी टीम इंडिया
वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप का पिछला संस्करण साल 2024 में खेला गया था। उस साल भारतीय महिला टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। 2024 में टीम इंडिया ग्रुप ए का हिस्सा थी और ग्रुप स्टेज में उन्होंने 4 मैच खेले थे। 4 में से भारतीय टीम को 2 में जीत मिली थी, वहीं दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में पहला मुकाबला न्यजीलैंड के खिलाफ खेला, जिसमें 58 रनों से हार का सामना करना पड़ा। फिर दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 6 विकेट से और तीसरे मैच में श्रीलंका के खिलाफ 82 रनों से जीत दर्ज की। हालांकि फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज के चौथे और आखिरी मुकाबले में 9 रनों से हार झेलनी पड़ी, जिस वजह से उनकी टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो गई थी।
पाकिस्तान से होगा टीम इंडिया का पहला मैच
आगामी टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया अपने अभियान का आगाज 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मैच के साथ करेगी। इस टूर्नामेंट में भी टीम इंडिया ग्रुप ए का हिस्सा है। टीम इंडिया के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स, पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका भी इस ग्रुप का हिस्सा है। इस वर्ल्ड कप में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया का प्रदर्शन कैसा रहता है ये देखने वाली बात होगी।
यह भी पढ़ें
टीम इंडिया जून में 6 इंटरनेशनल मैच खेलेगी, टेस्ट- टी20 और वनडे का लगेगा तड़का
श्रेयस अय्यर को लग सकता है डबल झटका, उम्मीदों पर कहीं फिर ना जाए पानी