1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के बीच इंग्लैंड को लगा झटका, हीथर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान

भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट के बीच इंग्लैंड को लगा झटका, हीथर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 12, 2026 01:59 pm IST,  Updated : Jul 12, 2026 01:59 pm IST

लॉर्ड्स के मैदान पर भारतीय महिला टीम के खिलाफ टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद इंग्लैंड महिला टीम को एक बड़ा झटका लगा जिसमें उनकी स्टार खिलाड़ी और वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हीथर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया।

Heather Knight- India TV Hindi
हीथर नाइट Image Source : AFP

भारत और इंग्लैंड की महिला टीम के बीच में लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले की बीच में इंग्लैंड महिला टीम की पूर्व वर्ल्ड कप विजेता कप्तान हीथर नाइट ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। इंग्लैंड के लिए ये एक बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि हीथर नाइट उनकी प्रमुख बल्लेबाजों में से एक हैं। नाइट ने अपने ऐलान के साथ साफ कर दिया कि भारतीय टीम के खिलाफ खेला जा रहा टेस्ट मुकाबला उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच होगा। हीथर नाइट के अलावा लॉर्ड्स टेस्ट मैच का आगाज होने से पहले टैमी ब्यूमोंट ने भी अपने संन्यास का ऐलान करने के साथ इसे आखिरी मुकाबला बताया था

मैंने जो सफर तय किया उसके लिए आभारी हूं

इंग्लैंड महिला टीम की पूर्व कप्तान हीथर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान करने के साथ कहा कि एक इंग्लैंड क्रिकेटर के तौर पर जो सफर मैंने तय किया है उसके लिए मैं सभी का काफी आभारी हूं और अपने आप को भाग्यशाली मानती हूं। बीते 16 साल से जो लोग और ड्रेसिंग रूम मेरी जिंदगी का हिस्सा था उससे दूर जाना बहुत मुश्किल है। हीथर नाइट के करियर को लेकर बात की जाए तो उन्होंने साल 2017 में लॉर्ड्स के मैदान पर भारतीय टीम के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में अपनी कप्तानी में इंग्लैंड को विजेता बनाया था। हीथर नाइट ने साल 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था जिसमें उन्होंने 199 मैचों में इंग्लैंड टीम की कप्तानी की। नाइट ने 160 वनडे मैचों में 4372 रन बनाए जिनमें तीन शतक और 27 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं। वहीं 145 टी20 मैचों में हीथर नाइट ने खेलते हुए 2656 रन बनाए हैं। इसके अलावा 15 टेस्ट में नाइट ने 976 रन बनाए हैं जिसमें अभी इजाफा हो सकता है।

लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड की हालत खराब

भारतीय महिला टीम के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जा रहे टेस्ट मुकाबले में 2 दिनों का खेल खत्म होने के बाद इंग्लैंड की हालत काफी खराब देखने को मिल रही है। इस मैच में टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 285 रनों का स्कोर बनाकर सिमट गई थी। इसके बाद इंग्लैंड महिला टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 170 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई जिसमें टीम इंडिया की तरफ से क्रांति गौड़ ने 5 विकेट हासिल किए। वहीं दिन का खेल खत्म होने पर भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 154 रन बना लिए थे और उनकी कुल बढ़त 269 रनों की हो गई थी। ऐसे में अब इंग्लैंड महिला टीम के लिए मुकाबले में वापसी का रास्ता काफी मुश्किल दिख रहा है।

ये भी पढ़ें

लॉर्ड्स के मैदान पर दिखा क्रांति गौड़ का कमाल, ऑनर्स बोर्ड पर जगह बनाने वाली बनीं पहली महिला खिलाड़ी

लॉर्ड्स में हरमनप्रीत कौर का जलवा, तीनों फॉर्मेट में फिफ्टी जड़कर किया बड़ा कारनामा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल