1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लॉर्ड्स के मैदान पर दिखा क्रांति गौड़ का कमाल, ऑनर्स बोर्ड पर जगह बनाने वाली बनीं पहली महिला खिलाड़ी

लॉर्ड्स के मैदान पर दिखा क्रांति गौड़ का कमाल, ऑनर्स बोर्ड पर जगह बनाने वाली बनीं पहली महिला खिलाड़ी

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 12, 2026 07:24 am IST,  Updated : Jul 12, 2026 07:24 am IST

भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन के खेल में इतिहास रचते हुए 5 विकेट हॉल लिया, जिसके साथ ही वह ऑनर्स बोर्ड में जगह बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

Kranti Gaud- India TV Hindi
क्रांति गौड़ Image Source : AFP

भारतीय महिला टीम अभी इंग्लैंड के दौरे पर है जहां वह मेजबान के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर एक मैच की टेस्ट सीरीज खेल रही है। इस मुकाबले के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम इंडिया की पकड़ काफी मजबूत हो चुकी थी। लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन के खेल में भारतीय महिला टीम की 22 साल की युवा तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का कमाल देखने को मिला, जिन्होंने इंग्लैंड महिला टीम की पहली पारी को 170 के स्कोर पर समेटने में अहम भूमिका अदा की। क्रांति ने 17 ओवर्स की गेंदबाजी में जहां सिर्फ 37 रन दिए तो वहीं 7 ओवर्स मेडन भी फेंके इसके अलावा वह 5 विकेट भी लेने में कामयाब रहीं। इसी के साथ क्रांति गौड़ लॉर्ड्स के ऑनर्स बोर्ड पर जगह बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी भी बन गई हैं।

क्रांति गौड़ ने झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त

इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतने के बाद हरी घास वाली पिच पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। भारतीय टीम की पहली पारी पहले दिन का खेल खत्म होने से थोड़ा पहले 285 के स्कोर पर सिमट गई थी। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड महिला टीम ने भी अपना एक विकेट गंवा दिया था। दूसरे दिन भी टीम इंडिया की तरफ से क्रांति गौड़ की गेंदबाजी के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाज संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। क्रांति ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने के साथ टीम इंडिया की पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और शानदार गेंदबाज झूलन गोस्वामी के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। क्रांति अब टेस्ट क्रिकेट में 22 साल 225 दिन की उम्र में पांच विकेट हॉल एक पारी में लेने वाली सबसे युवा भारतीय महिला तेज गेंदबाज बन गई हैं। झूलन ने साल 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ जब नई दिल्ली के मैदान पर खेले गए टेस्ट मुकाबले में 5 विकेट हॉल लिया था तो उस समय उनकी उम्र क्रांति से सिर्फ 28 दिन अधिक थी।

टीम इंडिया ने लॉर्ड्स टेस्ट में अपनी पकड़ की काफी मजबूत

क्रांति गौड़ की शानदार गेंदबाजी के दम पर टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में पहली पारी में कुल 115 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। वहीं दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर टीम इंडिया ने इस मैच में अपनी दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 154 रन बना लिए थे, जिसमें स्मृति मंधाना 69 और यास्तिका भाटिया 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहीं थी। टीम इंडिया की अब कुल बढ़त 269 रनों की हो गई है। ऐसे में तीसरे दिन के खेल में उनकी नजरें अपनी इस बढ़त को 300 रनों के पार करने के साथ मैच में इंग्लैंड को किसी तरह से वापसी का कोई मौका नहीं देना चाहेंगी।

ये भी पढ़ें

जोस बटलर और हैरी ब्रूक के बीच हुई रिकॉर्डतोड़ पार्टनरशिप, तोड़ा संजू सैमसन और तिलक वर्मा का रिकॉर्ड

शुभमन गिल को कार्लोस अल्काराज के शॉट में दिखी अपनी झलक, विंबलडन सेमीफाइनल के बाद दिया बड़ा बयान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल