1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जोस बटलर और हैरी ब्रूक के बीच हुई रिकॉर्डतोड़ पार्टनरशिप, तोड़ा संजू सैमसन और तिलक वर्मा का रिकॉर्ड

जोस बटलर और हैरी ब्रूक के बीच हुई रिकॉर्डतोड़ पार्टनरशिप, तोड़ा संजू सैमसन और तिलक वर्मा का रिकॉर्ड

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 11, 2026 10:23 pm IST,  Updated : Jul 11, 2026 10:23 pm IST

साउथैम्पटन में खेले गए पांचवें टी20 मैच में जोस बटलर और हैरी ब्रूक के बीच दूसरे विकेट के लिए 233 रन की पार्टनरशिप हुई। इस साझेदारी के साथ ही उन्होंने तिलक वर्मा और संजू सैमसन का रिकॉर्ड तोड़ा है।

Jos Buttler & Harry Brook- India TV Hindi
जोस बटलर और हैरी ब्रूक Image Source : AFP

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के आखिरी मैच में जोस बटलर और हैरी ब्रूक ने तूफानी बल्लेबाजी की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 233 रन की पार्टनरशिप हुई। यह टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में दूसरे विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। बटलर-ब्रूक की जोड़ी ने इस मामले में संजू सैमसन और तिलक वर्मा की जोड़ी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2024 में जोहानिसबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 210* रन की साझेदारी की थी।

ब्रूक और बटलर ने डी कॉक और डेविड मिलर का रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे बड़ी पार्टनरशिप का रिकॉर्ड अब इंग्लैंड के जोस बटलर और हैरी ब्रूक के नाम दर्ज हो गया है। पांचवें टी20 मैच में दोनों ने 233 रन जोड़कर इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है। बटलर और ब्रूक की इस तूफानी जोड़ी ने क्विंटन डी कॉक और डेविड मिलर के 174* रनों के चार साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इस लिस्ट में बटलर-हेल्स (170*) और बाबर-रिजवान (152*) जैसे दिग्गज भी शामिल हैं, लेकिन बटलर और ब्रूक की इस धमाकेदार बल्लेबाजी ने इतिहास रच दिया है।

ब्रूक और बटलर ने डेविड मलान और इयोन मोर्गन को पीछे छोड़ा

बटलर और ब्रूक की ये साझेदारी इंग्लैंड की तरफ से भी टी20 इंटरनेशनल मैच में अब तक की सबसे बड़ी पार्टनरशिप का नया रिकॉर्ड है। इस मामले में बटलर और ब्रूक की जोड़ी ने डेविड मलान और इयोन मोर्गन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 182 रन बनाए थे। इससे पहले साल 2022 में एडिलेड के मैदान पर जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने भी भारत के खिलाफ नाबाद 170 रनों की बड़ी पार्टनरशिप की थी। इस मैच में बटलर और ब्रूक ने मिलकर पार्टनरशिप के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए।

131 रन की पारी खेलकर आउट हुए जोस बटलर

इस मुकाबले में बटलर ने जहां शतक लगाया वहीं ब्रूक 45 गेंदों पर चार चौकों और आठ छक्कों की मदद से 95 रन बनाकर नाबाद रहे। बटलर ने 64 गेंदों पर 12 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 131 रनों की पारी खेली। इस मैच में भारत की फील्डिंग बेहद खराब रही और टीम ने लगातार कैच छोड़े जिसका फायदा बटलर और ब्रूक ने उठाया। भारत के लिए शिवम दुबे ने दो विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 257 रन बनाए थे।

यह भी पढ़ें

लॉर्ड्स में हरमनप्रीत कौर का जलवा, तीनों फॉर्मेट में फिफ्टी जड़कर किया बड़ा कारनामा

वैभव सूर्यवंशी को किया गया प्लेइंग XI से ड्रॉप, पांचवें टी20 के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने किए दो बदलाव

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल