भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच साउथैम्पटन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया है। उन्होंने सिर्फ 51 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की। अपनी इस शतकीय पारी के दौरान बटलर ने 9 चौके और 6 छक्के लगाए। उन्होंने हैरी ब्रूक के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की और इंग्लैंड को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
जोस बटलर ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड
बटलर इस मैच में 64 बॉल पर 131 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 12 चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने हैरी ब्रूक के साथ मिलकर 233 रन की रिकॉर्डतोड़ साझेदारी की। बटलर इस मैच में 19वें ओवर में आउट हुए और उनका विकेट शिवम दुबे ने लिया। इस ओवर में आउट होने से पहले वह तीन गेंदों में दो छक्का और एक चौका लगा चुके थे। अपनी इस पारी के दौरान बटलर इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज भी बन गए। इस मामले में उन्होंने एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा है। धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में विकेटकीपर के तौर पर 359 छक्के लगाए थे। वहीं बटलर इस मामले में 367 सिक्स लगा चुके हैं।
बटलर ने तोड़ा लुईस का 9 साल पुराना रिकॉर्ड
टी20 क्रिकेट में यह जोस बटलर का 9वां शतक है। वहीं इंग्लैंड की सरजमीं पर उन्होंने पहली बार इस फॉर्मेट में शतक लगाया है। 9 में से 7 सेंचुरी उन्होंने भारत में लगाया है। वहीं एक शतक उन्होंने यूएई में लगाया था। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड अब इंग्लैंड के जोस बटलर के नाम हो गया है। बटलर ने भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए शानदार 131 रनों की पारी खेली, जिसने एविन लुईस के नौ साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। लुईस ने 2017 में किंग्स्टन के मैदान पर नाबाद 125 रन बनाए थे।
बटलर और ब्रूक ने की टीम इंडिया के बॉलर्स की धुनाई
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टी20 मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। दूसरे ओवर में ही प्रसिद्ध कृष्णा ने फिल साल्ट को आउट करके इंडिया को एक अच्छी शुरुआत दिलाई। लेकिन इसके बाद नंबर 3 पर आए हैरी ब्रूक ने जोस बटलर के साथ मिलकर पारी को संभाल लिया। दोनों ने इतनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की कि भारतीय गेंदबाजों को वापसी करने का कोई मौका ही नहीं दिया। बटलर और ब्रूक ने टीम इंडिया के हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की और खूब रन बनाए।
वैभव को पांचवें टी20 से किया गया बाहर
इस मैच के लिए टीम इंडिया ने अपनी प्लेइंग XI में दो अहम बदलाव किए थे। श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी और वॉशिंगटन सुंदर को बाहर किया और उनकी जगह संजू सैमसन और सूर्यांश शेडगे को मौका दिया। वैभव को इस सीरीज में तीन मैचों में खेलने का मौका मिला। वहां उनका बल्ला नहीं चला और अंत में उन्हें आखिरी मैच में टीम से बाहर कर दिया गया। वहीं सुंदर भी इस सीरीज में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। भारतीय टीम इस सीरीज में 3-0 से पीछे है।
यह भी पढ़ें
लॉर्ड्स में हरमनप्रीत कौर का जलवा, तीनों फॉर्मेट में फिफ्टी जड़कर किया बड़ा कारनामा