1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. ओटीटी
  4. बेंगलुरु में 'गांधी हत्या का सच' नाटक पर बवाल, नाटककार अडंडा सी. करियप्पा के चेहरे पर फेंकी स्याही

बेंगलुरु में 'गांधी हत्या का सच' नाटक पर बवाल, नाटककार अडंडा सी. करियप्पा के चेहरे पर फेंकी स्याही

 Reported By: T Raghavan,  Written By: Himanshi Tiwari
 Published : Nov 01, 2026 09:23 am IST,  Updated : Nov 01, 2026 09:23 am IST

बेंगलुरु के बनशंकरी स्थित 'सुचित्रा सिनेमा एंड कल्चरल एकेडमी' में राजनीतिक कार्यकर्ताओं और नाटक आयोजकों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान नाटककार अडंडा सी. करियप्पा के चेहरे पर काली स्याही फेंकी गई।

Truth Behind Gandhi Assassination Play- India TV Hindi
'गांधी हत्या का सच' नाटक पर बवाल Image Source : REPORTER INPUT

शनिवार शाम बेंगलुरु के बनशंकरी इलाके में स्थित 'सुचित्रा सिनेमा एंड कल्चरल एकेडमी' में उस समय तनाव फैल गया, जब 'गांधी हत्या का सच: द ट्रुथ ऑफ गांधी मर्डर' नामक नाटक के मंचन के दौरान विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारियों के साथ बहस के बाद नाटक के लेखक और निर्देशक अदांडा सी. करियप्पा के चेहरे पर काली स्याही फेंक दी गई। यह नाटक बनशंकरी स्थित एकेडमी में 'कोडागु रंगभूमि ट्रस्ट' द्वारा मंचित किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कुछ अन्य संगठनों के सदस्य एकेडमी में घुस आए और नाटक के कुछ संवादों पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि नाटक में महात्मा गांधी को अपमानजनक तरीके से पेश किया गया है और उन्हें 'राष्ट्र-विरोधी' के रूप में दिखाया गया है।

गांधी को देशद्रोही बताने पर हुआ विवाद

प्रदर्शनकारियों ने नाटक में गांधी को 'देशद्रोही' बताने वाले संदर्भों पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि नाटक के जरिए गांधी, कांग्रेस और भारत के विभाजन के बारे में भ्रामक दावे फैलाए जा रहे हैं। देखते ही देखते यह बहस हाथापाई में बदल गई, जिसके दौरान करियप्पा के चेहरे पर स्याही पोत दी गई।

गांधी हत्या का सच विवाद के बाद शिकायत दर्ज

घटना के बाद दोनों पक्षों के प्रतिनिधि बनशंकरी पुलिस के पास पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराईं। प्रदर्शनकारियों ने करियप्पा, कलाकारों और नाटक से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप था कि नाटक की सामग्री में गांधी और कांग्रेस के बारे में गलत प्रचार किया गया था। वहीं, करियप्पा ने भी एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने नाटक के प्रदर्शन में बाधा डालने, मारपीट करने और आपराधिक धमकी देने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस की प्रतिक्रिया

घटना की पुष्टि करते हुए, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण संभाग) डॉ. के. वामसी कृष्णा ने बताया कि दोनों समूहों के बीच हुई झड़प के दौरान निर्देशक के चेहरे पर स्याही फेंकी गई। उन्होंने कहा, 'हमें इस घटना को लेकर दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं। जांच शुरू कर दी गई है और जांच के नतीजों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।' इस घटना ने कलात्मक अभिव्यक्ति और विरोध प्रदर्शन की सीमाओं पर एक नई बहस छेड़ दी है। वहीं, पुलिस घटनाओं के सही क्रम का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और गवाहों के बयान दर्ज कर रही है। इससे पहले बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने वेब सीरीज 'आश्रम-3' के सेट में पथराव कर तोड़फोड़ की और इसके निर्माता एवं निर्देशक प्रकाश झा पर हिंदुओं को गलत तरीके से चित्रित करने का आरोप लगाते हुए स्याही फेंकी। पथराव में इस वेब सीरीज दल की दो बसों सहित कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। 

ये भी पढ़ें - भोपाल में वेब सीरीज आश्रम 3 के सेट पर बजरंग दल ने की तोड़फोड़, प्रकाश झा पर फेंकी काली स्याही

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। OTT से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।