SRH के तूफानी बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने IPL में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्होंने आईपीएल में 100 छक्के पूरे कर लिए हैं। उन्होंने ये कारनामा सिर्फ सिर्फ 52 पारियों में पूरा किया है। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में 100 छक्के लगाने वाले तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में अपनी 37 रनों की पारी के दौरान क्लासेन ने ये उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 13 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से ये पारी खेली।
आईपीएल में 102 सिक्स लगा चुके हैं हेनरिक क्लासेन
हेनरिक क्लासेन ने आईपीएल करियर में अब तक 56 मैच खेले हैं, जिसमें 102 छक्के लगाए। सर्वाधिक छक्कों के मामले में क्रिस गेल पहले पायदान पर हैं, जिन्होंने 142 मुकाबलों में 357 छक्के लगाए। रोहित शर्मा 276 मुकाबलों में 310 छक्कों के साथ इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं। विराट कोहली 273 मुकाबलों में 299 छक्कों के साथ लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।
आईपीएल में क्रिस गेल के नाम है ये रिकॉर्ड
आईपीएल में पारी के आधार पर सबसे तेज 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 37 पारियों में 100 सिक्स पूरे किए थे। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आंद्रे रसेल का नाम है। रसेल ने ये कारनामा 47 पारियों में किया था। अब हेनरिक क्लासेन का नाम इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गया है। क्लासेन ने सिर्फ 1072 गेंदों में ही 100 छक्के पूरे कर लिए। वह गेंदों के हिसाब से 100 सिक्स पूरा करने वाले सातवें सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं।
SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 242 रन
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 242 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ट्रेविस हेड के साथ 8.5 ओवरों में 97 रन की साझेदारी की। ट्रेविस 26 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 37 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से अभिषेक ने कप्तान ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 79 रन की साझेदारी की। ईशान 13 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 25 के स्कोर पर रन आउट हुए। अभिषेक 68 गेंदों में 10 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 135 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि क्लासेन ने 13 गेंदों में 3 छक्कों और 3 चौकों के साथ 37 रन की नाबाद पारी खेली।
यह भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा का बल्ले से बड़ा धमाका, रोहित को छोड़ा पीछे, कर ली विराट के महारिकॉर्ड की बराबरी