हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को हरा दिया है। इस टूर्नामेंट में यह भारत की तीसरी जीत है, जिससे वह सेमीफाइनल में पहुंचने के काफी करीब आ गई है। दूसरी तरफ, साउथ अफ्रीका ने भी नीदरलैंड्स को बड़े अंतर से हराकर सेमीफाइनल की रेस में खुद को मजबूत कर लिया है। अब भारत और साउथ अफ्रीका दोनों के पास 6-6 पॉइंट्स हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से टीम इंडिया दूसरे नंबर पर और साउथ अफ्रीका तीसरे नंबर पर है। दोनों टीमों का अब सिर्फ एक-एक मैच बचा हुआ है, जिसके बाद ही तय होगा कि कौन सी टीम सेमीफाइनल में जाएगी। इस 12 टीमों के टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ मेजबान टीम इंग्लैंड ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर पाई है।
टीम इंडिया को हार हाल में ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अभी 4 मैच खेलने के बाद पॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका से ऊपर है, लेकिन अभी भी सेमीफाइनल का रास्ता उनके लिए आसान नहीं है। अभी साउथ अफ्रीका को सेमीफाइनल का मजबूत दावेदार माना जा रहा है क्योंकि उसका आखिरी मैच बांग्लादेश से है, जिसे वह आसानी से जीत सकती है। दूसरी तरफ, भारत का आखिरी मुकाबला 28 जून को मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम से होना है। अगर भारतीय टीम यह मैच हार जाती है, तो वह वर्ल्ड कप से बाहर हो सकती है। इसलिए, सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को हर हाल में ऑस्ट्रेलिया को हराना होगा।
साउथ अफ्रीका का अगला मैच बांग्लादेश से होगा
साउथ अफ्रीका के सेमीफाइनल में पहुंचने के चांसेस इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि उनका अगला और आखिरी मैच बांग्लादेश से होना है, इस मैच में जीत के लिए साउथ अफ्रीका को फेवरेट्स माना जा रहा है। दूसरी तरफ अगर भारतीय टीम अपने आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया से हार जाती है और साउथ अफ्रीका अपना मैच जीत जाता है, तो भारत इस टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा और साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। वहीं अगर दोनों टीमें अपना-अपना आखिरी मैच जीतने में कामयाब होती है तो उस स्थिति में भारत को सेमीफाइनल के टिकट मिलने के चांसेस अधिक है क्योंकि उनका नेट रन रेट साउथ अफ्रीका से काफी बेहतर है।
पॉइंट्स टेबल में साउथ अफ्रीका से आगे है टीम इंडिया
ग्रुप ए में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की टीम 4 मैचों में 4 जीत और 8 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर है। वहीं दूसरे नंबर पर टीम इंडिया है। भारतीय टीम के खाते में फिलहाल 4 मैचों में 3 जीत के साथ 6 अंक हैं। वहीं साउथ अफ्रीका के पास भी 3 जीत के साथ 6 अंक हैं और वो पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर हैं। टीम इंडिया का रन रेट +2.268 है, वहीं अफ्रीकी टीम का रन रेट इस वक्त +0.734 है। अब देखना होगा कि इस ग्रुप से कौन सी दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब होती हैं।
यह भी पढ़ें
श्री चरणी ने टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, 12 विकेट लेकर तोड़ा 6 साल पुराना रिकॉर्ड