1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अफगानिस्तान के 2 बल्लेबाजों ने ठोके धमाकेदार शतक, एक ने लगाई सातवीं सेंचुरी

अफगानिस्तान के 2 बल्लेबाजों ने ठोके धमाकेदार शतक, एक ने लगाई सातवीं सेंचुरी

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Aug 12, 2026 06:32 pm IST,  Updated : Aug 12, 2026 06:36 pm IST

अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल ने आयरलैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच वनडे मैचों की सीरीज के चौथे मैच में शानदार शतक लगाया है। टीम पहले ही दो मैच जीतकर सीरीज में बढ़त बना चुकी है।

Ibrahim Zadran- India TV Hindi
इब्राहिम जादरान Image Source : GETTY

अफगानिस्तान के बल्लेबाज इस वक्त जबरदस्त खेल दिखा रहे हैं। अब एक ही वनडे मुकाबले में दो बल्लेबाजों ने शतक ठोक दिया है। अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपने अपने शतक पूरे किए। इससे आयरलैंड की टीम मैच में काफी पीछे चली गई है। अफगानिस्तान पहले ही सीरीज के दो मैच जीतकर अपनी लीड बना चुका है। 

सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण हुआ था रद, उसके बाद अफगानिस्तान ने जीत दो मैच

इस वक्त अफगानिस्तान की टीम आयरलैंड के दौरे पर है, जहां पांच वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मैच भले ही बारिश के कारण रद हो गया हो, लेकिन इसके बाद जो दो मैच हुए, वो अफगानिस्तान ने जीतकर अपनी बादशाहत साबित कर दी है। अब सीरीज के चौथे मुकाबले में भी अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया है। 

इब्राहिम जादरान और सेदिकुल्लाह अटल ने जबरदस्त बल्लेबाजी

सीरीज के चौथे मैच में जब अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी तो रहमानुल्ला गुरबाज केवल 12 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। लेकिन इसके बाद दूसरे ओपनर इब्राहिम जादरान और तीसरे नंबर पर आए सेदिकुल्लाह अटल ने जबरदस्त बल्लेबाजी का मुजायरा पेश किया। इब्राहिम जादरान ने 118 बॉल पर 107 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और एक छक्का लगाया। इब्राहिम का वनडे में ये सातवां शतक है। अब अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में वे दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे ज्यादा शतक केवल रहमानुल्ला गुरबाज के नाम है, जिन्होंने 9 वनडे शतक लगाने का काम किया है। 

सेदिकुल्लाह अटल ने आयरलैंड को बैकफुट पर ढकेला

इस बीच तीसरे नंबर पर आए सेदिकुल्लाह अटल ने शतक लगाने के बाद भी अपनी पारी जारी रखी। अफगानिस्तान का पहला विकेट केवल 16 रन के स्कोर पर गिर गया था। लेकिन जब दूसरा विकेट गिरा तब तक टीम का स्कोर 247 रन हो चुका था। इस तरह से दोनों ने मिलकर ना केवल टीम को मजबूती दी, ​बल्कि आयरलैंड को बैकफुट पर भी ढकेल दिया। सेदिकुल्लाह अटल जब आउट हुए तब तक 120 बॉल पर 143 रनों की पारी खेल चुके थे। उन्होंने 17 चौके और चार छक्के इस दौरान लगाने का काम किया। 

वनडे विश्व कप 2027 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है अफगानिस्तान की टीम

इसी सीरीज का दूसरा मैच जीतकर अफगानिस्तान ने आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 में भी अपनी जगह पक्की कर ली है और इसी वजह से वेस्टइंडीज की सीधी एंट्री का रास्ता भी बंद हो गया है। टीम अगर अगले साल के विश्व कप तक इसी तरह से खेलती रही तो वो बाकी बड़ी बड़ी टीमों को कड़ी टक्कर देती हुई नजर आएगी। 

यह भी पढ़ें 

भारत बनाम श्रीलंका सीरीज के लिए स्क्वाड का ऐलान, इन प्लेयर्स को मिली टीम में एंट्री

बाबर आजम ने मारी लंबी छलांग, टॉप 10 में एंट्री, कौन है आईसीसी टेस्ट रैंकिंग का नंबर 1 बल्लेबाज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल