ICC ने मई महीने के लिए प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के नॉमिनेशन का ऐलान कर दिया है। दिलचस्प बात यह है कि इस बार नामित खिलाड़ियों में किसी भी फुल मेंबर क्रिकेट नेशन का खिलाड़ी शामिल नहीं है। पहली बार ऐसा हुआ है कि तीनों नॉमिनेशन एसोसिएट देशों के खिलाड़ियों को मिले हैं, जिससे तय है कि इस बार ट्रॉफी एक एसोसिएट क्रिकेटर के हाथ लगेगी। मेंस कैटेगरी में तीन खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिनमें दो ऑलराउंडर और एक सलामी बल्लेबाज शामिल हैं। स्कॉटलैंड के ब्रेंडन मैकमुलेन, अमेरिका के मिलिंद कुमार और यूएई के मोहम्मद वसीम को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर नॉमिनेशन मिला है। वूमेन्स कैटेगिरी में वेस्टइंडीज की हैली मैथ्यूज, साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन और भारत की धाकड़ बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिगेज को प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के नॉमिनेट किया गया है।
ब्रेंडन मैकमुलेन ने पिछले महीने शानदार फॉर्म में रहते हुए पांच वनडे मैचों में 233 रन बनाए और साथ ही 10 विकेट भी झटके। वर्ल्ड कप लीग 2 में यूएई के खिलाफ दो अर्धशतक और नीदरलैंड के खिलाफ तूफानी शतक जड़ने के अलावा गेंदबाजी में भी अहम विकेट निकाले। USA के मिलिंद कुमार के लिए भी मई बेहद खास रहा। उन्होंने चार वनडे मुकाबलों में 201 रन बनाए और 9 विकेट लिए। खासतौर पर कनाडा के खिलाफ सिर्फ 67 गेंदों में नाबाद 115 रनों की पारी और ओमान के खिलाफ अर्धशतक के साथ 5 विकेट लेने का कारनामा किया। दोनों खिलाड़ी पहली बार इस अवॉर्ड को अपने नाम कर सकते हैं।
UAE के कप्तान मुहम्मद वसीम ने भी वनडे और T20I दोनों में लाजवाब खेल दिखाया। ICC वर्ल्ड कप लीग 2 में पांच वनडे में 169 रन बनाए और फिर शारजाह में बांग्लादेश के खिलाफ T20I सीरीज में अहम भूमिका निभाई। अपनी कप्तानी में वसीम ने दो मैचों में अर्धशतक जड़ते हुए टीम को ऐतिहासिक 2-1 सीरीज जीत दिलाई। वसीम के पास अब दूसरी बार यह अवॉर्ड जीतने का मौका है, क्योंकि इससे पहले वे अप्रैल 2024 में भी प्लेयर ऑफ द मंथ रह चुके हैं।
संपादक की पसंद