ICC ODI Team Rankings: साउथ अफ्रीका की टीम इस समय इंग्लैंड में है और ODI सीरीज खेल रही है। 3 मैचों की ODI सीरीज का 2 सितंबर को लीड्स में आगाज हुआ था। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए जीत से अपने अभियान का आगाज किया था। दूसरा ODI मैच लॉर्ड्स में 4 सितंबर को खेला गया, जिसमें इंग्लैंड को 5 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह साउथ अफ्रीका ने सीरीज पर कब्जा करते हुए बड़ा कारनामा कर दिखाया।
दरअसल, 5 रन की जीत साल 2000 में केपटाउन में 1 रन की जीत के बाद साउथ अफ्रीका की इंग्लैंड के खिलाफ ODI मैचों में दूसरी सबसे करीबी जीत है। यही नही, 1998 के बाद से साउथ अफ्रीका की इंग्लैंड में यह पहली ODI सीरीज जीत है। इंग्लैंड ने आखिरी बार 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ द्विपक्षीय ODI सीरीज जीती थी।
पाकिस्तान एक स्थान नीचे खिसकी
इंग्लैंड में ODI सीरीज जीतने के साथ ही साउथ अफ्रीका ने ICC ODI रैंकिंग में भी कमाल कर दिया है। साउथ अफ्रीका ने एक पायदान की छलांग लगाते हुए ODI रैंकिंग में 5वें स्थान पर कब्जा कर लिया है। साउथ अफ्रीका की लगातार दूसरी ODI जीत से पाकिस्तान को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। पाकिस्तान की टीम एक पायदान लुढ़ककर छठे स्थान पर चली गई है।
इंग्लैंड दौरे से पहले साउथ अफ्रीका की रेटिंग 98 की थी। पहली जीत के बाद रेटिंग 100 की हो गई। इतनी ही रेटिंग पाकिस्तान की भी थी। साउथ अफ्रीका ने जैसे ही दूसरा ODI अपने नाम किया तो रेटिंग 100 से 101 हो गई। इस तरह पाकिस्तान को एक स्थान नीचे जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बांग्लादेश टॉप-10 में सबसे नीचे
ICC ODI रैंकिंग में शीर्ष स्थान की बात की जाए तो टीम इंडिया नंबर-1 ODI टीम बनी हुई है। भारतीय टीम की रेटिंग 124 है। इसके बाद न्यूजीलैंड (दूसरा), ऑस्ट्रेलिया (तीसरा) और श्रीलंका (चौथा) की टीम है। साउथ अफ्रीका 5वें और पाकिस्तान छठे स्थान पर है। अफगानिस्तान, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज क्रमश: 7वें, 8वें और 9वें पायदान पर है। बांग्लादेश की टीम 10वें स्थान पर बनी हुई है।