1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ICC Rankings: शुभमन गिल को बिना खेले फायदा, मुंह के बल गिरा पाकिस्तानी खिलाड़ी

ICC Rankings: शुभमन गिल को बिना खेले फायदा, मुंह के बल गिरा पाकिस्तानी खिलाड़ी

 Published : May 13, 2026 01:55 pm IST,  Updated : May 13, 2026 01:55 pm IST

आईसीसी ने बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के पहले मैच के बाद नई रैंकिंग जारी कर दी है। जो रूट का पहले नंबर पर कब्जा बरकरार है। इस बीच पाकिस्तान के साउद शकील को भयंकर नुकसान हुआ है, जिससे शुभमन गिल के अलावा कई बल्लेबाजों को फायदा मिला है।

shubman gill- India TV Hindi
शुभमन गिल Image Source : GETTY

आईसीसी ने लंबे समय बाद टेस्ट की नई रैंकिंग जारी की है। दरअसल टेस्ट मैच हो नहीं रहे थे, इसलिए रैंकिंग भी अपडेट नहीं हो पा रही थी। अभी कुछ ही दिन पहले आईसीसी ने सालाना रैंकिंग जारी की थी, इसके बाद अब फिर से इसे अपडेट कर दिया है। खास बात ये है​ कि भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल को बिना खेले ही फायदा मिल गया है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के साउद शकील मुंह के बल गिरे हैं। उन्हें बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। 

बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान पहले टेस्ट के बाद आई रैंकिंग

बांग्लादेश बनाम पाकिस्तान सीरीज का पहला मैच हो गया है, जिसे बांग्लादेश ने आसानी से मैच अपने नाम कर लिया है। इस बीच आईसीसी ने नई रैंकिंग भी जारी कर दी है। इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान जो रूट अभी भी पहले नंबर पर बने हुए हैं। उनकी रेटिंग 880 की है। फिलहाल उनकी नंबर एक की कुर्सी को कोई खतरा नहीं है। दूसरे नंबर पर बैठे हैरी ब्रूक की रेटिंग 857 की है। यानी पहले और दूसरे नंबर के बल्लेबाज में काफी अंतर है, जो जल्द खत्म नहीं होगा। 

शुभमन गिल और ऋषभ पंत को भी एक एक स्थान का फायदा

इस बीच टेस्ट की रैंकिंग में टॉप 8 में कोई बदलाव नहीं हुआ है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को इस बार एक स्थान का फायदा हुआ है। हालांकि उन्होंने कोई भी इंटरनेशनल मैच इस दौरान नहीं खेला है। वे अब दसवें से नौवें नंबर पर आ गए हैं। शुभमन गिल के अलावा श्रीलंका के दिनेश चंदीमल, न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र और डेरिल मिचेल, ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स कैरी और भारत के ऋषभ पंत को भी एक एक स्थान का फायदा हुआ है। दरअसल पाकिस्तान के साउद शकील एक ही झटके में छह स्थान नीचे आ गए हैं, इसलिए इन सभी नीचे के बल्लेबाजों को एक स्थान का फायदा मिला है। 

साउद शकील के बल्ले से नहीं बने रन, सीधे 15वें स्थान पर ​खिसके

पाकिस्तान के साउद शकील अब सीधे 15वें स्थान पर आ गए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट में शकील पहली पारी में बिना खाता खोले शून्य पर आउट हो गए थे, इसके बाद दूसरी पारी में वे 15 रन बनाकर आउट हो गए। इससे उन्हें नुकसान हुआ है। अब दूसरा टेस्ट शुरू होगा, उसके बाद फिर से नई रैंकिंग जारी की जाएगी। देखना होगा कि उसके बाद क्या बदलाव होता है। हालांकि अब थोड़े थोड़े दिन के अंतराल पर टेस्ट होते रहेंगे, इसलिए रैंकिंग भी अपडेट होगी। 

यह भी पढ़ें 

सनराइजर्स हैदराबाद को हार के बाद एक और झटका, कप्तान पैट कमिंस को लेकर आया अपडेट

RCB vs KKR: कौन जीतेगा आज का आईपीएल मुकाबला, प्लेऑफ की जंग और नंबर वन का दांव

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल