1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर, रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान

विराट कोहली अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर, रिप्लेसमेंट का हुआ ऐलान

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 06, 2026 02:00 pm IST,  Updated : Jun 06, 2026 02:09 pm IST

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से विराट कोहली बाहर हो गए हैं। वह हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से इस सीरीज में नहीं खेलेंगे। उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान हो गया है।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AP

13 जून से टीम इंडिया अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इस सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से इस सीरीज में नहीं खेलेंगे। वह तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं और इसके साथ ही उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान हो गया है। उनकी जगह अब वनडे स्क्वॉड में यशस्वी जायसवाल को शामिल किया जाएगा। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने इस बात की पुष्टि की है कि विराट कोहली इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे।

अब सिर्फ एक फॉर्मेट में खेलते हैं विराट कोहली

विराट कोहली अब भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं, क्योंकि उन्होंने टी20 (T20I) और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने अपना पिछला वनडे मैच जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान खेला था, जिसमें भारत 2-1 से हार गया था। उस सीरीज में कोहली ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 240 रन बनाए थे। वहां उनका औसत 80 का और स्ट्राइक रेट 105.26 का रहा था। कोहली का ये शानदार फॉर्म आईपीएल में भी जारी रहा।

आईपीएल 2026 में विराट कोहली का प्रदर्शन रहा शानदार

IPL 2026 में विराट कोहली ने 56.25 के औसत और 165.84 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए। इस सीजन उन्होंने टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। RCB के लिए आईपीएल 2026 के फाइनल में भी विराट कोहली ने नाबाद 75 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी। इसी के साथ उनकी टीम आरसीबी (RCB) लगातार दो बार आईपीएल खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले RCB ने आईपीएल 2025 में अपना पहला खिताब जीता था।

जायसवाल ने अब तक खेले हैं सिर्फ 4 वनडे

यशस्वी जायसवाल की बात करें तो वह इस वक्त अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेल रहे हैं। इसके बाद वह वनडे टीम के साथ जुड़ जाएंगे। जायसवाल ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था था। उन्होंने अब तक सिर्फ चार वनडे मैच खेले हैं। भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ में और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में होगा। 

यह भी पढ़ें

IND vs AFG: मुल्लांपुर में भारत ने जीता टॉस, मानव सुथार ने किया टीम इंडिया के लिए डेब्यू

आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए हुआ टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी को मिला मेडन कॉल अप, श्रेयस अय्यर बने कप्तान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल