1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अब इटली में खेलते नजर आएंगे जेम्स एंडरसन, बनाया गया टीम का कप्तान

अब इटली में खेलते नजर आएंगे जेम्स एंडरसन, बनाया गया टीम का कप्तान

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 28, 2026 04:44 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 04:45 pm IST

इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन अब इटली में खेलते नजर आएंगे। उन्हें T10 लीग में कप्तान के साथ टीम का सह-मालिक भी बनाया गया है।

James Anderson - India TV Hindi
जेम्स एंडरसन Image Source : AFP

इंग्लैंड के महान गेंदबाज जेम्स एंडरसन का क्रिकेट सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद अब 44 साल की उम्र में यह दिग्गज तेज गेंदबाज एक नए अंदाज में मैदान पर उतरने जा रहा है। एंडरसन इटली की T10 लीग में खेलते नजर आएंगे, जहां उन्हें नेपोली नाइट्स का कप्तान बनाने के साथ-साथ टीम का सह-मालिक भी बनाया गया है। इंग्लैंड के सबसे सफल तेज गेंदबाजों में शुमार एंडरसन के लिए यह उनके करियर का नया अध्याय होगा। इस टूर्नामेंट में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी। एंडरसन का इस लीग से जुड़ना प्रतियोगिता के लिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि उनके पास इंटरनेशनल क्रिकेट का लंबा अनुभव है।

लंकाशायर से अलग होने के बाद लिया नया फैसला

एंडरसन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी खेलना जारी रखा था। वह अपने काउंटी क्लब लंकाशायर के लिए खेल रहे थे और इस साल टीम की कप्तानी भी की थी। हालांकि, करीब 25 साल तक क्लब से जुड़े रहने के बावजूद लंकाशायर ने उनका अनुबंध आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया। इसके बाद अब एंडरसन ने इटली की T10 लीग के साथ नई शुरुआत करने का रास्ता चुना है।

इंग्लैंड के लिए एंडरसन ने तीनों फॉर्मेट में 401 मुकाबले खेले और 991 विकेट अपने नाम किए। टेस्ट क्रिकेट में उनकी पहचान खास तौर पर एक शानदार स्विंग गेंदबाज के रूप में रही है। अब T10 जैसे छोटे प्रारूप में उनका अनुभव देखने लायक होगा, जहां गेंदबाजों के पास गलती की गुंजाइश बेहद कम होती है।

18 नवंबर से शुरू होगी इटालिया T10 लीग

इटालिया T10 लीग का आयोजन 18 नवंबर से रोम क्रिकेट ग्राउंड पर किया जाएगा। 12 दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में हर टीम को एक पारी में 10 ओवर खेलने का मौका मिलेगा। इस लीग की शुरुआत पूर्व पेशेवर क्रिकेटर नदीम शाहिद और नेपाल में एवरेस्ट प्रीमियर लीग की स्थापना में भूमिका निभाने वाले आमिर अख्तर ने की है। एंडरसन के अलावा क्रिस गेल, शॉन मार्श और डेविड मलान जैसे चर्चित क्रिकेटर भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। लीग में इटली की नेशनल टीम के खिलाड़ी भी खेलेंगे। इस साल T20 वर्ल्ड कप में इटली की टीम ने इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी थी, हालांकि उसे करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस प्रतियोगिता से लोकल खिलाड़ियों को अनुभवी इंटरनेशनल क्रिकेटरों के साथ खेलने का मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर गिरी ICC की गाज, इंग्लैंड का भी हुआ बड़ा नुकसान

बांग्लादेश को लगा तगड़ा झटका, मुशफिकुर रहीम वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।