1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जेम्स एंडरसन की विदाई पर मचा बवाल, फैंस की नाराजगी के बाद लंकाशायर दे सकता है खास फेयरवेल

जेम्स एंडरसन की विदाई पर मचा बवाल, फैंस की नाराजगी के बाद लंकाशायर दे सकता है खास फेयरवेल

 Written By: Vanson Soral
 Published : Oct 27, 2026 08:16 am IST,  Updated : Oct 27, 2026 08:16 am IST

इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को लंकाशायर द्वारा रिलीज किए जाने के फैसले से क्लब के फैंस नाराज हैं। विरोध के बाद क्लब ने उनके सम्मान में फेयरवेल आयोजित करने की संभावनाओं पर विचार करने का फैसला किया है।

James Anderson - India TV Hindi
जेम्स एंडरसन Image Source : AFP

इंग्लैंड के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का क्रिकेट सफर अभी खत्म नहीं हुआ है, लेकिन लंकाशायर से उनकी विदाई ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। क्लब के इस फैसले से नाराज प्रशंसक चाहते हैं कि एंडरसन को उनके शानदार योगदान के लिए सम्मानजनक विदाई दी जाए। बढ़ते विरोध के बीच लंकाशायर ने अब उनके लिए फेयरवेल आयोजित करने की संभावनाओं पर विचार करने का फैसला किया है।

इंग्लैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले एंडरसन को पिछले सप्ताह लंकाशायर ने रिलीज करने का ऐलान किया था। 44 साल के एंडरसन ने 2001 में इसी क्लब के लिए अपना पेशेवर करियर शुरू किया था। ऐसे में उनके जाने के तरीके से क्लब के कई सदस्य नाराज हैं। उनका मानना है कि सीजन के अंत में लिया गया यह फैसला फैंस को अपने पसंदीदा खिलाड़ी को धन्यवाद देने और उनके शानदार करियर का जश्न मनाने का मौका दिए बिना लिया गया।

क्लब की मीटिंग में एंडरसन की विदाई पर उठे सवाल

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, 26 अक्टूबर की शाम ओल्ड ट्रैफर्ड में क्लब के अधिकारियों और सदस्यों के बीच हुई बैठक में एंडरसन को रिलीज करने का मुद्दा छाया रहा। बैठक में करीब 200 सदस्य शामिल हुए। कई लोगों ने इस फैसले पर अपनी नाराजगी जाहिर की और क्लब से एंडरसन के सम्मान में कोई खास आयोजन करने की मांग की।

बैठक में लंकाशायर के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड केन्यन और जल्द क्रिकेट निदेशक का पद संभालने वाले पॉल फारब्रेस मौजूद थे। फारब्रेस अमेरिका में छुट्टियां मनाने के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए। माना जा रहा है कि सदस्यों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने एंडरसन को रिलीज करने के फैसले की जिम्मेदारी भी अपने ऊपर ली।

फारब्रेस ने क्लब की ओर से रविवार को जारी बयान में दी गई दलील को दोहराया। उनका कहना था कि लंकाशायर अगले चार साल में काउंटी चैंपियनशिप का खिताब जीतने में सक्षम टीम तैयार करना चाहता है। उन्हें नहीं लगता कि अगले साल 45 साल के होने जा रहे एंडरसन इस योजना का हिस्सा बन पाएंगे।

खराब प्रदर्शन के बावजूद सबसे सफल गेंदबाजों में एंडरसन

लंकाशायर के लिए एंडरसन का योगदान उनके आंकड़ों से साफ दिखाई देता है। पिछले सीजन में उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में टीम की कप्तानी भी की थी। हालांकि, लंकाशायर डिविजन दो में दूसरे आखिरी स्थान पर रहा, लेकिन एंडरसन का प्रदर्शन शानदार रहा।उन्होंने चैंपियनशिप में 50 विकेट हासिल किए और उन्हें क्लब का साल का सर्वश्रेष्ठ चैंपियनशिप खिलाड़ी चुना गया। टीम के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे, लेकिन एंडरसन लगातार अपनी गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ते रहे। यही वजह है कि क्लब से उनकी विदाई के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच, कई अन्य काउंटी क्लबों ने अगले सीजन के लिए एंडरसन को अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी दिखाई है। इससे साफ है कि बढ़ती उम्र के बावजूद अनुभवी तेज गेंदबाज की मांग बनी हुई है।

यह भी पढ़ें:

कगिसो रबाडा 4 विकेट लेते ही करेंगे कमाल, साउथ अफ्रीका के दिग्गज गेंदबाजों के क्लब में होगी एंट्री

वेलिंग्टन के मैदान पर जीत के लिए तरस रही है कीवी टीम, भारत ने सुपर ओवर में जीता था मुकाबला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।