भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला कैनबरा के मनुका ओवल के स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज से पहले दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसे मेजबान टीम 2-1 से अपने नाम करने में कामयाब रही थी। ऐसे में अब भारतीय टीम की कोशिश टी20 सीरीज को जीतने पर रहेगी ताकि वनडे सीरीज की हार का बदला लिया जा सके। दोनों ही टीमों में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो अपने दम पर पूरे मुकाबले का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं ऐसे में इस सीरीज के दौरान काफी रोमांच देखे जाने की पूरी उम्मीद की जा सकती है। ऐसे में मनुका ओवल की पिच पर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं, कि आखिर उसमें बल्लेबाजों का कमाल देखने को मिलेगा या फिर गेंदबाज हावी होते हुए दिखाई देंगे।
बल्लेबाजी के लिए मुफीद हो सकती है मनुका ओवल की पिच
कैनबरा के मनुका ओवल के स्टेडियम में अभी तक टी20 इंटरनेशनल के कुल 5 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से चार मैचों का परिणाम तो देखने को मिला लेकिन एक मैच बारिश के चलते रद्द हो गया। इस मैदान की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर बल्लेबाजी करना थोड़ा आसान काम दिखा है, लेकिन उन्हें पिच पर शुरू में थोड़ा समय बिताना होगा। खेल आगे बढ़ने के साथ मनुका ओवल की पिच से स्पिन गेंदबाजों को थोड़ी मदद जरूर मिलती है, जिससे टारगेट का पीछा करना थोड़ा मुश्किल काम हो जाता है। वहीं यहां पर टी20 इंटरनेशनल में पहली पारी के औसत स्कोर को लेकर बात की जाए तो वह 144 रनों के करीब का देखने को मिला है। अब तक यहां पर खेले गए मुकाबलों के परिणाम को लेकर बात की जाए तो उसमें 2 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जहां जीतने में कामयाब रही तो वहीं 2 मैचों में टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है।
टीम इंडिया ने पिछली बार इस मैदान पर दी थी मात
मनुका ओवल के मैदान पर भारतीय टीम ने अब तक एक टी20 मैच खेला है, जो साल 2020 में खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 161 रनों का स्कोर बनाया था, तो वहीं टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर्स में 150 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी थी और उसे 11 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में चहल ने तीन विकेट हासिल किए थे। भारतीय टीम का टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके घर पर रिकॉर्ड देखा जाए तो उसमें पलड़ा भारी दिखाई देता है, जिसमें दोनों टीमों के बीच खेले गए कुल 12 टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम इंडिया ने 7 में जीत हासिल की है तो वहीं ऑस्ट्रेलिया चार मुकाबलों को ही जीतने में कामयाब हो सका, जबकि एक मैच रद्द रहा था।
ये भी पढ़ें
मोहम्मद शमी ने फिर उड़ाया गर्दा, 15 विकेट लेकर सेलेक्टर्स को दिया करारा जवाब
ICC Rankings: टी20 सीरीज से पहले जान लीजिए भारत और ऑस्ट्रेलिया की रैंकिंग और रेटिंग