भारतीय टीम को अपनी अगली वनडे सीरीज ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर खेलनी है, जिसको अभी शुरू होने में लगभग 50 दिनों का समय है। टीम इंडिया के फैंस इस सीरीज का काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं क्योंकि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों को ही मैदान पर खेलते हुए देखने को मिलेंगे। भारतीय टीम अक्टूबर महीने ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी जहां पर उसे तीन वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज मेजबान टीम के खिलाफ खेलनी है। वहीं क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से भारतीय टीम के इस दौरे के मुकाबलों की टिकट बिक्री को लेकर एक बड़ी जानकारी दी है, जिसमें उन्होंने बताया कि भारतीय फैन जोन के सभी टिकट बिक चुके हैं।
सभी 8 स्टेडियम में भारतीय फैन जोन के टिकट हुए सोल्ड आउट
ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भारतीय टीम को कुल 8 लिमिटेड ओवर्स मुकाबले खेलने जिसकी शुरुआत वनडे सीरीज से होगी। जिसमें एमसीजी में जहां वनडे और टी20 सीरीज का एक-एक मैच खेला जाएगा जबकि बाकी के सभी मैच अलग-अलग स्टेडियम में होंगे। इन सभी मैचों में स्टेडियम के अंदर भारतीय फैन जोन के सारे टिकट बिकने की जानकारी दी गई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के कार्यकारी महाप्रबंधक जोएल मॉरिसन जो इवेंट्स एंड ऑपरेशंस भी देखते हैं उन्होंने बताया कि भारतीय फैन जोन के सभी टिकट बिक जाने से हम काफी खुश हैं। यह सीरीज को लेकर बढ़ते उत्साह और क्रिकेट के प्रति दर्शकों के जुनून को दिखाता है। हम एक रोमांचक सीरीज की उम्मीद कर सकते हैं, जिसमें फैंस को भी काफी मजा आएगा।
इन दो स्टेडियम के सभी पब्लिक टिकट भी बिके
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से दी गई जानकारी में उन्होंने ये भी बताया कि एक तरफ जहां भारतीय फैन के टिकट सोल्ड आउट हो गए हैं तो वहीं सिडनी में होने वाले वनडे मैच के अलावा कैनबरा के मैनुका ओवल में टी20 मैच के सभी पब्लिक टिकट भी बिक गए हैं। भारतीय टीम को वनडे सीरीज का पहला मैच 19 अक्टूबर को खेलना है तो वहीं अगले 2 मुकाबले 23 और 25 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसके बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 29 अक्टूबर से होगी जिसमें आखिरी मुकाबला 8 नवंबर को खेला जाएगा।
ये भी पढ़ें
DPL में नितीश राणा से भिड़े दिग्वेश राठी, एक साथ 5 खिलाड़ियों पर लगा भारी जुमार्ना
21 साल के भारतीय खिलाड़ी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रचा इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी