1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया चलेगा नई चाल! भारत के खिलाफ 19 साल की गेंदबाज का होगा डेब्यू?

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया चलेगा नई चाल! भारत के खिलाफ 19 साल की गेंदबाज का होगा डेब्यू?

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 28, 2026 11:44 am IST,  Updated : Feb 28, 2026 11:44 am IST

भारतीय महिला टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है और ODI सीरीज खेल रही है। 3 मैचों की सीरीज के 2 मैच खेले जा चुके हैं। तीसरा मुकाबला 1 मार्च को होबार्ट में खेला जाएगा।

IND vs AUS- India TV Hindi
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया Image Source : AFP

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम में बदलाव की आहट तेज हो गई है। होबार्ट में खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम ODI से पहले सिलेक्टर्स नई रणनीति पर विचार कर रहे हैं और इसी बीच 19 साल की तेज गेंदबाज लूसी हैमिल्टन सुर्खियों में आ गई हैं। होबार्ट के बेलरिव ओवल में दूसरे ODI में दमदार जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में 6-4 से आगे है। अगर टीम रविवार को 50 ओवरों की सीरीज में क्लीन स्वीप कर लेती है, तो पर्थ टेस्ट से पहले वह ट्रॉफी अपने नाम सुरक्षित कर लेगी।

19 साल की खिलाड़ी का होगा डेब्यू?

तेज गेंदबाज लूसी हैमिल्टन को किम गर्थ और एलिस पेरी की क्वाड इंजरी के बाद ODI स्क्वॉड में शामिल किया गया था। वह पिछले कुछ दिनों से टीम के साथ अभ्यास कर रही हैं और मल्टी-डे क्रिकेट को ध्यान में रखते हुए अपनी फिटनेस व वर्कलोड पर काम कर रही हैं। दूसरे ODI के दौरान 19 साल की लूसी ने लंबे समय तक नेट्स में गेंदबाजी की, जिससे उनके सिलेक्शन की संभावनाएं और मजबूत हुईं।

ऑस्ट्रेलियाई सिलेक्टर शॉन फ्लेगलर ने दूसरे ODI मैच के दौरान चैनल सेवन से बातचीत में स्पष्ट किया कि तीसरे ODI के लिए लूसी पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए मौकों में से एक है। हमें शायद तीसरे गेम में लूस को देखने का मौका मिलेगा। लूसी ODI के लिए आई हैं और यह उनके लिए टीम में पहले से तय समय से थोड़ा पहले शामिल होने का मौका है। हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि वह इस ऑस्ट्रेलियाई टीम में क्या कर सकती है। उसके आगे बहुत कुछ है।

पुरानी पिच पर खेला जाएगा मुकाबला!

ऐसी उम्मीद है कि 1 मार्च को भी वही पिच इस्तेमाल की जाएगी, जो अब पुरानी हो चुकी है। ऐसे में लेग स्पिनर जॉर्जिया वेयरहम भी चयन की दौड़ में आ सकती हैं, क्योंकि सतह से अधिक टर्न मिलने की संभावना है। दूसरे ODI में निकोला केरी को मौका मिला था, जिन्होंने 2022 के बाद अपना पहला ODI खेला और एक विकेट भी झटका, लेकिन वह 8 ओवर में 55 रन देकर सबसे महंगी गेंदबाज रहीं। टीम मैनेजमेंट पर्थ में होने वाले डे-नाइट टेस्ट को ध्यान में रखते हुए तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन को आराम देने पर भी विचार कर सकता है, क्योंकि वह अब तक सीरीज के सभी पांच मैच खेल चुकी हैं। अब नजरें तीसरे ODI पर टिकी हैं।

ऑस्ट्रेलिया की महिला ODI टीम: एलिसा हीली (कप्तान), सोफी मोलिनेक्स (उपकप्तान), डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, एशले गार्डनर, लूसी हैमिल्टन, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्राथ, मेगन शट एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहम।

यह भी पढ़ें:

SL vs PAK Head to Head: पाकिस्तान और श्रीलंका में किसका पलड़ा भारी? कुछ ऐसा है हेड टू हेड रिकॉर्ड

IND vs WI: रिंकू सिंह को लेकर आई बड़ी खबर, जानिए कब टीम इंडिया से जुड़ेंगे?

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल