ACC एशिया कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 40 रनों से हराया। बांग्लादेश की टीम ने सेमीफाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 149 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 64 रनों की पारी खेली। उन्होंने 40 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 3 छक्के लगाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 24 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से सुल्ताना खातून ने 2 विकेट अपने नाम किए। भारत के 149 रनों के जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 109 रन ही बना सकी। भारत की ओर से स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने 3 बल्लेबाजों का शिकार किया।
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने ग्रुप ए में अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 पॉइंट के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि बांग्लादेश ग्रुप बी में दूसरे पायदान पर रहा। भारत ने ग्रुप चरण में थाईलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान को शिकस्त दी। तीनों मुकाबलों में जीत के साथ टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
दूसरी ओर, बांग्लादेश ने टूर्नामेंट की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ 71 रन की बड़ी जीत से की थी। हालांकि, दूसरे मुकाबले में उसे श्रीलंका के हाथों चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद बांग्लादेश ने शानदार वापसी की और UAE के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले में सिर्फ 103 रन का स्कोर बचा लिया। बांग्लादेश ने 20 ओवर में 103 रन बनाए थे, जिसके जवाब में UAE की टीम 69 रन पर 9 विकेट ही बना सकी। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने ग्रुप बी में दूसरा स्थान हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। हालांकि, यहां टीम इंडिया से हारकर फाइनल में जाने से चूक गई।