1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: रोहित शर्मा का 8 साल पुराना महाकीर्तिमान ध्वस्त, अभिषेक शर्मा ने कायम की बादशाहत

IND vs ENG: रोहित शर्मा का 8 साल पुराना महाकीर्तिमान ध्वस्त, अभिषेक शर्मा ने कायम की बादशाहत

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 02, 2025 09:20 pm IST,  Updated : Feb 02, 2025 09:23 pm IST

IND vs ENG: भारत के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 5वें T20I मैच में तूफानी शतक जड़ते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। इस दौरान उन्होंने रोहित शर्मा का बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

IND vs ENG - India TV Hindi
अभिषेक शर्मा Image Source : AP

IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे 5वें T20I मुकाबले में युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का तूफान देखने को मिला। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर टीम इंडिया की सलामी जोड़ी ने पहली ही गेंद से कहर बरपाने का कारनामा किया। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने मैच की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ भारतीय टीम के आक्रामक इरादे साफ कर दिए। हालांकि तेज खेलने की कोशिश में संजू दूसरे ओवर में मार्क वुड का शिकार बने लेकिन दूसरे छोर पर मौजूद अभिषेक शर्मा को कोई फर्क नहीं पड़ा। संजू का विकेट गिरने के बाद भी अभिषेक ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करना जारी रखा और सिर्फ 17 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया। अभिषेक भारत की ओर से T20I में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया। इसके बाद भी युवा सलामी बल्लेबाज का बल्ला नहीं थमा और तूफानी अंदाज में अपना शतक भी पूरा कर लिया।

अभिषेक ने 11वें ओवर की पहली गेंद पर महज 37 गेंद में सैकड़ा जड़ा। इस तरह वह T20I क्रिकेट में रोहित शर्मा के बाद सबसे तेज शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। अभिषेक सिर्फ 3 गेंदों से रोहित शर्मा के सबसे तेज शतक जड़ने का महारिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। रोहित ने 35 गेंदों पर शतक ठोका था। 

रोहित का कीर्तिमान हुआ ध्वस्त

शतक पूरा करने के बाद अभिषेक शर्मा के रनों की रफ्तार थोड़ा धीमी पड़ गई क्योंकि एक छोर से विकेट गिरने चालू हो गए। इसके बावजूद युवा बल्लेबाज 54 गेंदों पर 135 रन बनाने में कामयाब रहा। उन्होंने अपनी इस तूफानी शतकीय पारी में सिर्फ 7 चौके और 13 गगनचुंबी छक्के लगाए। इस तरह वह T20I में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। अभिषेक ने रोहित शर्मा का 8 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त किया। रोहित ने साल 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में खेले गए T20I मैच में अपनी पारी में 10 छक्के ठोके थे। 

T20I में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज

  • 13 अभिषेक शर्मा बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े 2025
  • 10 रोहित शर्मा बनाम श्रीलंका, इंदौर 2017
  • 10 संजू सैमसन बनाम साउथ अफ्रीका, डरबन 2024
  • 10 तिलक वर्मा बनाम साउथ अफ्रीका, जोहान्सबर्ग 2024

अभिषेक शर्मा की 135 रन की पारी T20I क्रिकेट में किसी भी भारतीय बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी है। अभिषेक ने शुभमन गिल का रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले सबसे बड़ी पारी गिल के बल्ले से आई थी। गिल ने साल 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I मैच में नाबाद 126 रन बनाए थे।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल