1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया के सेलेक्शन से पहले इस खिलाड़ी ने भी ठोक दिया दावा, टेंशन में आए सेलेक्टर्स

टीम इंडिया के सेलेक्शन से पहले इस खिलाड़ी ने भी ठोक दिया दावा, टेंशन में आए सेलेक्टर्स

 Published : May 23, 2025 10:23 pm IST,  Updated : May 23, 2025 10:23 pm IST

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान होना बाकी है। लेकिन इससे ठीक एक दिन पहले ईशान किशन ने भी बतौर कीपर अपनी दावेदारी पेश कर दी है।

ishan kishan- India TV Hindi
ईशान किशन Image Source : GETTY

India vs England Test Series: इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान होना अभी बाकी  है। बताया जा रहा है कि सेलेक्शन कमेटी की मीटिंग 24 मई को दोपहर में होगी, इसके कुछ ही देर बाद भारतीय टीम की घोषणा कर दी जाएगी। अभी त​क कितने नाम तय हो चुके हैं और कितने बाकी हैं, ये कहना तो मुश्किल है, लेकिन इस बीच सेलेक्शन से ठीक एक ही दिन पहले एक खिलाड़ी ने अपना दावा ठोक दिया है। अब सेलेक्टर्स उसके नाम पर विचार करेंगे कि नहीं, ये तो बाद में ही पता चलेगा। हम बात कर रहे हैं ईशान किशन की, जिन्होंने आरसीबी के ​खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करने का काम किया है। 

ईशान किशन ने आरसीबी के खिलाफ जड़ा ताबड़तोड़ शतक 

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 20 जून से होगा, इससे पहले भारतीय टीम का चुना जाना बाकी है। अभी तक नाम तो कई सामने आ रहे हैं, लेकिन जब तक टीम का ऐलान बीसीसीआई ना कर दे, तब तक कुछ कहा नहीं जा सकता। टीम में कम से एक विकेटकीपर भी जाएगा। इसके लिए अभी तक केवल ऋषभ पंत सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन आरसीबी के खिलाफ ताबड़तोड़ पारी खेलकर ईशान किशन ने भी अपने बारे में विचार करने के लिए बीसीसीआई को एक तरह से विवश कर दिया है। 

ऋषभ पंत के लिए काफी फीका गया है आईपीएल का ये सीजन

ऋषभ पंत आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं, लेकिन उनके लिए ये सीजन काफी फीका गया है। हम आपको उनके आंकड़े भी बताएंगे, लेकिन पहले जरा ईशान किशन पर एक नजर डाली जानी चाहिए। ईशान किशन ने इस साल के आईपीएल के अपने पहले ही मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार सेंचुरी ठोकी थी, इसके बाद लगने लगा था कि वे इस साल कुछ नया करने जा रहे हैं, लेकिन उसके बाद उनका बल्ला खामोश हो गया। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के आखिरी मुकाबले में उन्होंने एक बार फिर विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की। ईशान किशन ने इस मैच में 48 बॉल पर 94 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने सात चौके और पांच छक्के ठोके। अगर पूरे सीजन का हाल आपको बताएं तो उन्होंने 14 मैच खेलकर 325 रन बना दिए हैं। जो कोई खास प्रदर्शन तो नहीं है, लेकिन ऋषभ पंत से तो बेहतर ही है। 

अब तक केवल 151 रन ही इस साल बना सके हैं पंत

ऋषभ पंत ने इस साल अब तक 13 मैच आईपीएल में खेलकर केवल 151 रन ही बनाए हैं। उनका औसत केवल 13.72 का है। उनके नाम केवल एक ही अर्धशतक है। वहीं ईशान किशन एक शतक और एक अर्धशतक इस साल लगाने में कामयाब रहे हैं। ऐसा नहीं है कि ईशान को अब तक टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला है, वे भारत के लिए टेस्ट डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन तब वे कुछ खास नहीं कर पाए थे। अब तक दो टेस्ट खेलकर उनके नाम केवल 78 रन ही हैं। वहीं ऋषभ पंत टेस्ट के लिए विकेट कीपर के तौर पर पहली च्वाइस बनते हैं। अब देखना होगा कि सेलेक्टर्स अभी के फार्म को ध्यान में रखकर टीम का सेलेक्शन करते हैं या फिर पूर्व में किए गए खेल को आधार बनाते हैं। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल