इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकाबले जो लंदन के ओवल मैदान पर खेला जाएगा, उसके लिए अपनी प्लेइंग 11 का ऐलान कर दिया है। मेजबान इंग्लैंड ने कुल 4 बड़े बदलाव किए हैं, जिसमें कप्तान बेन स्टोक्स जो अभी सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पहले नंबर पर चल रहे हैं उन्हें कंधे में लगी चोट के वजह से इस मुकाबले से बाहर रखा गया है। ओवल टेस्ट मैच की प्लेइंग 11 का ऐलान होने के बाद खुद बेन स्टोक्स ने अपनी इंजरी के बारे में खुलासा किया और बताया कि आखिर क्यों उन्हें इस अहम मुकाबले से बाहर रहने का फैसला लेना पड़ा।
मुकाबले से बाहर होने पर सच में काफी निराश हूं
भारत के खिलाफ ओवल टेस्ट मैच से बाहर होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अपने बयान में कहा कि मैं इस मुकाबले से बाहर होने के बाद सच में काफी निराश हूं। मेरे दाहिने कंधे पर लगी चोट की गंभीरता को समझने के बाद मुझे और ज्यादा खतरा उठाने से मना कर दिया गया। अब मैं वापस से रिहैब में जाऊंगा ताकि इस साल के आखिर में होने वाली एशेज सीरीज से पहले खुद को पूरी तरह से फिट कर सकूं। बता दें इस टेस्ट सीरीज के चारों मैचों में बेन स्टोक्स ने अपनी गेंदबाजी से काफी अहम भूमिका अदा की, इसके अलावा मैनचेस्टर टेस्ट मैच में भी स्टोक्स ने बल्ले से जहां शतकीय पारी खेली थी तो वहीं गेंद से भी पंजा खोलने में कामयाब रहे थे।
ओली पोप संभालेंगे कप्तानी की जिम्मेदारी
ओवल टेस्ट मैच में बेन स्टोक्स के बाहर होने के बाद अब ओली पोप को आखिरी मुकाबले के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा इंग्लैंड की टीम में हुए अन्य बदलावों को लेकर बात की जाए तो उसमें जैकब बेथेल, जेमी ओवरटन, जोश टंग और गस एटिंकसन को जगह मिली है, जिसमें ये साफ हो गया कि इंग्लैंड की टीम इस मुकाबले में बिना किसी विशेषज्ञ स्पिनर के साथ खेलने उतरेगी।
ये भी पढ़ें
अभिषेक शर्मा ने रच दिया इतिहास, आईसीसी रैंकिंग में बने नंबर एक बल्लेबाज
ICC Rankings में फिर से उठापटक, यशस्वी जायसवाल को भयंकर नुकसान, पंत ने मारी छलांग