IND vs IRE: भारतीय क्रिकेट में इन दिनों वैभव सूर्यवंशी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले इस युवा खिलाड़ी ने सिलेक्टर्स की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सवाल अब यह नहीं रह गया है कि वैभव को टीम इंडिया में मौका मिलेगा या नहीं, बल्कि असली बहस इस बात पर है कि अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलती है, तो बाहर कौन होगा? आयरलैंड दौरे से पहले यह चर्चा और तेज हो गई है।
दरअसल, वैभव सूर्यवंशी महज 15 साल की उम्र में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। IPL 2026 में वैभव ने 776 रन बनाते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की। अब वैभव की नजरें इंटरनेशनल डेब्यू में धमाका करने पर टिकी हैं। हालांकि, युवा स्टार बल्लेबाज के लिए ये इतना आसान नहीं होगा, लेकिन उनके शानदार आंकड़ों को देखते हुए उनके बल्ले से कमाल की पारी की ही उम्मीद की जा रही है।
वैभव की दावेदारी मजबूत
वैभव सूर्यवंशी के T20 क्रिकेट के आंकड़ें हैरान करने वाले हैं। उन्होंने अब तक खेले 34 T20 मैचों में 44.75 के औसत से 1477 रन जड़े हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 220.44 का रहा है। इसमें 4 शतक और 6 अर्धशतक भी शामिल है। आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज में वैभव के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की प्रबल संभावना है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि उनके आने से किसको बाहर बैठना पड़ सकता है।
वैभव एक लेफ्ट हैंड बल्लेबाज हैं, जो पारी का धमाकेदार अंदाज में आगाज करने के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में वैभव की अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन से सीधी टक्कर मानी जा रही है। हालांकि, अभिषेक विस्फोटक बल्लेबाज के अलावा पार्ट टाइम गेंदबाज भी है जबकि संजू सैमसन विकेटकीपिंग में अहम योगदान दे सकते हैं। ऐसे में सिलेक्टर्स के लिए 11 खिलाड़ियों को चुनने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है। वैभव के टीम में आने से ऑलराउंडर शिवम दुबे की पॉजिशन पर भी खतरा मंडरा सकता है। अगर संजू प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनते हैं, तो फिर इशान किशन को बाहर बैठना पड़ सकता है।
पिछले 10 T20 मैचों में वैभव का पलड़ा भारी
वैभव सूर्यवंशी की टक्कर भले ही टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की कर चुके 2 धाकड़ बल्लेबाजों से हो, लेकिन उनके आंकड़ें उन्हें प्लेइंग इलेवन का मजबूत दावेदार बनाते हैं। तीनों बल्लेबाजों के पिछले 10 T20 मुकाबलों की बात की जाए, तो वैभव सूर्यवंशी ने 237 के धमाकेदार स्ट्राइक रेट और 53 के शानदार औसत से 530 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, संजू पिछले 10 T20 मैचों में 42.5 के औसत 150 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 340 रन बनाने में सफल रहे हैं। अभिषेक शर्मा ने अपने पिछले 10 मैचों में 48.22 के औसत और 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 434 रन जड़े हैं।
अभिषेक शर्मा के सामने चुनौती
वैसे तो वैभव T20 में ओवरऑल रन बनाने और अनुभव के मामले में संजू और अभिषेक दोनों से काफी पीछे हैं, लेकिन जब बात आती है पिछले 10 मैचों में प्रदर्शन की, तो राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज के सामने कोई नहीं टिकता। वैभव की धमाकेदार फॉर्म और संजू सैमसन की बल्ले और विकेटकीपिंग से योगदान देने की काबिलियत के चलते प्लेइंग इलेवन की रेस में अभिषेक शर्मा कहीं न कहीं पीछे रह सकते हैं। हालांकि, आयरलैंड के खिलाफ कौन से 11 खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे, इसका फैसला 26 जून को टॉस के बाद ही हो पाएगा।
आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।
यह भी पढ़ें:
टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, स्टार स्पिनर के बाद अब धाकड़ ऑलराउंडर T20I सीरीज से हुआ बाहर