Highlights
- भारत और लीसेस्टरशायर के बीच खेला गया अभ्यास मैच
- सभी भारतीय खिलाड़ियों ने किया अभ्यास
- शुभमन, विराट, श्रेयस और भरत ने लगाए अर्धशतक
भारत और लीसेस्टरशायर के बीच खेला गया चार दिन का अभ्यास मैच ड्रॉ के साथ खत्म हुआ। आखिरी दिन लीसेस्टरशायर को जीत के लिए 367 रन बनाने थे। लेकिन 66 ओवर के खेल के बाद दोनों टीमों ने आपसी सहमति से मैच को खत्म करने का फैसला किया। भारत के प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह, हनुमा विहारी और शुभमन गिल दोनों टीमों की तरफ से खेले। जबकि रविचंद्रन अश्विन कोरोना से ठीक होने के बाद आखिरी दिन खेलने उतरे और शुभमन गिल का विकेट लिया। भारतीय स्पिनर ने 11 ओवर की गेंदबाजी की और दो मेडेन के साथ 31 रन दिए और दो विकेट झटके।
भारत ने इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए कोना भरत के 70 रन की मदद से आठ विकेट खोकर 246 रन बनाए और पारी घोषित की। पहली पारी में भारत का शीर्षक्रम फेल रहा और विराट कोहली (33), रोहित शर्मा (25) और शुभमन गिल (21) बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। जबकि श्रेयस अय्यर 11 गेंदें खेलने के बाद अपना खाता भी नहीं खोल सके। लीसेस्टरशायर की तरफ से गेंदबाजी करने वाले बुमराह को एक भी विकेट नहीं मिला। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने एक विकेट लिए।
भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए लीसेस्टरशायर को 244 के स्कोर पर समेट दिया। ऋषभ पंत ने सबसे अधिक 76 रन बनाए तो पुजारा बिना खाता खोले आउट हुए। भारत की तरफ से मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज को दो-दो विकेट मिले।
भारत ने इसके बाद दो रन की बढ़त के साथ दोबारा बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट खोकर 364 रन बनाए और लीसेस्टरशायर के सामने 367 रन का लक्ष्य रखा। भारत की तरफ से दूसरी पारी में श्रेयस अय्यर (62), विराट कोहली (67) ने अर्धशतकीय पारी खेली। जबकि रवींद्र जडेजा ने एक ही पारी में दो बार बल्लेबाजी करते हुए 56 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं रोहित शर्मा कोविड-19 का शिकार होने की वजह से दूसरी पारी में नहीं खेल पाए। दूसरी तरफ से लीसेस्टरशायर की तरफ से खेलते हुए नवदीप सैनी ने तीन और कमलेश नागरकोटी ने दो विकेट लिए। जबकि बुमराह को एक विकेट मिला।
भारत के 367 रन के जवाब में लीसेस्टरशायर ने चार विकेट खोकर 219 रन बनाए। शुभमन गिल ने सर्वाधिक 62 रन की पारी खेली। अश्विन को दो विकेट मिले जबकि शार्दुल और जडेजा दोनों ने एक-एक विकेट झटके।