India vs New Zealand Champions Trophy 2025 Final: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का कारवां अपने आखिरी चरण में पहुंच चुका है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 9 मार्च को फाइनल मुकाबला दुबई के मैदान पर खेला जाएगा। भारतीय टीम अभी तक मौजूदा टूर्नामेंट में अजेय है और उसने एक भी मैच नहीं हारा है। वहीं, न्यूजीलैंड को सिर्फ एक मैच में हार मिली। वह मैच भी उसने भारत के खिलाफ हारा था। ऐसे में फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। आइए जानते हैं, दोनों टीमों के बीच चैंपियंस ट्रॉफी में कैसा रिकॉर्ड है।
25 साल पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2000 के फाइनल में मिला था जख्म
भारतीय टीम अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ दो बार आईसीसी फाइनल हार चुकी है। दोनों टीमों के बीच पहला आईसीसी फाइनल साल 2000 में खेला गया था। तब ये मुकाबला चैंपियंस ट्रॉफी 2000 का फाइनल मैच था, जिसमें भारत के लिए सौरव गांगुली ने शतक लगाया था। लेकिन न्यूजीलैंड के लिए क्रिस केन्स ने दमदार पारी खेली और गांगुली के शतक पर पानी फेर दिया। तब कीवी टीम ने फाइनल मैच चार विकेट से अपने नाम किया था।
WTC फाइनल 2021 में भी भारत को मिली थी शिकस्त
इसके बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021 का फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। इस मैच में न्यूजीलैंड के लिए काइल जेमीसन सबसे बड़े हीरो साबित हुए थे। तब उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट हासिल किए थे और भारतीय बैटिंग ऑर्डर की रीढ़ ही तोड़ दी थी।
चैंपियंस ट्रॉफी में ऐसा है दोनों टीमों का रिकॉर्ड
भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमों के पास स्टार प्लेयर्स की फौज है, जो वनडे क्रिकेट के बड़े महारथी हैं। मौजूदा चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में है। वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में अभी तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो ही मुकाबले हुए हैं, जिसमें से एक में भारत ने बाजी मारी है और एक में न्यूजीलैंड की टीम मैच जीतने में सफल रही है।
भारत ने दो बार जीता है खिताब
भारत ने अभी तक दो बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। एक बार साल 2002 में सौरव गांगुली की कप्तानी में (संयुक्त विजेता) और एक बार महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में साल 2013 में। वहीं न्यूजीलैंड की टीम अभी तक सिर्फ एक बार ही चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत पाई है। कीवी टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2000 का खिताब स्टीफन फ्लेमिंग की कप्तानी में जीता था।