अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में न्यूजीलैंड की टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। भारतीय टीम जो अभी डिफेंडिंग चैंपियन भी है उसकी नजरें इस ट्रॉफी को तीसरी बार जीतने पर रहेंगी तो वहीं न्यूजीलैंड की टीम पहली बार ट्रॉफी को जीतने का प्रयास करेगी। इस फाइनल मुकाबले को देखने के लिए अहमदाबाद के स्टेडियम में कई बड़ी हस्तियां भी पहुंची हैं, जिसमें एक नाम टीम इंडिया को साल 2007 में टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को जिताने वाले कप्तान एमएस धोनी का नाम भी शामिल है। टॉस के बाद जब मैदान पर राष्ट्रगान से पहले ट्रॉफी को लाया गया तो उस समय एक शानदार नजारा देखने को मिला, जिसमें रोहित शर्मा जिनको इस इवेंट के लिए आईसीसी ने ब्रांड एंबेसडर बनाया है उनके साथ धोनी भी थे और दोनों वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को साथ में लेकर मैदान में पहुंचे।
धोनी और रोहित के साथ थे आईसीसी चेयरमैन जय शाह
फाइनल मुकाबले में रोहित शर्मा और एमएस धोनी जब टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को लेकर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के अंदर पहुंचे तो उनके साथ आईसीसी चेयरमैन जय शाह भी थे जो रोहित के बगल में चल रहे थे। स्टेडियम में मौजूद फैंस रोहित और धोनी को देखकर काफी खुश नजर आए। अभी तक भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को 2 बार अपने नाम किया है, जिसमें साल 2007 में एमएस धोनी की कप्तानी में पाकिस्तान को फाइनल मैच में मात देकर ट्रॉफी को अपने नाम किया था। वहीं इसके बाद टीम इंडिया ने साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में साउथ अफ्रीका को मात देकर दूसरी बार ट्रॉफी को अपने नाम किया था।
न्यूजीलैंड ने प्लेइंग 11 में किया एक बदलाव
भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में कीवी टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया है, जिसमें उन्होंने ल्यूक मैकॉन्की को जहां बाहर का रास्ता दिखाया है तो वहीं उनकी जगह पर जैकब डफी को शामिल करने का फैसला किया। वहीं टीम इंडिया जिसमें सेमीफाइनल मुकाबले में बदलाव को लेकर चर्चा देखने को मिल रही थी लेकिन टॉस के समय भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया कि प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला लिया गया है।ये भी पढ़ें