India vs Pakistan Asia Cup 2025 Final: भारतीय टीम ने एक बार फिर से एशिया कप में पाकिस्तान को बुरी तरह से पटक दिया है। टीम इंडिया ने बिना एक भी मैच हारे इस टूर्नामेंट को अपने नाम किया है। इस बार पहली बार ऐसा हुआ, जब किसी मल्टीनेशन टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के बीच तीन मुकाबले हुए हों। भारत ने तीन के तीन मैच जीतकर पाकिस्तान का सूपड़ा साफ कर दिया है। इस तरह से भारत ने साबित कर दिया कि क्रिकेट की दुनिया में भी पाकिस्तान अभी बच्चा है और उसे बड़ा होने में अभी समय लगेगा। भारत उससे बहुत आगे है।
इस बार तीन मुकाबले खेले गए भारत और पाकिस्तान के बीच
जब एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी किया गया तो भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया था। इस बात की पूरी उम्मीद थी कि कम से दो बार तो भारत और पाकिस्तान टकराएंगे ही। पहले लीग मुकाबला हुआ, उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से पटकनी दी। इसके बाद सुपर 4 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को फिर से छह विकेट से पीट दिया। ये दोनों मैच बिल्कुल एकतरफा रहे। 40 ओवर के मैच में कहीं भी नहीं लगा कि पाकिस्तानी टीम जीत दर्ज कर पाएगी। लेकिन उस वक्त सभी आश्चर्य हुआ, जब घटिया खेल दिखाकर भी पाकिस्तान टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
पाकिस्तान ने खराब खेलकर भी फाइनल में जगह कर ली पक्की
दरअसल पाकिस्तान का फाइनल में जाना उसका बेहतर खेल नहीं था, बल्कि बाकी टीमों का और भी खराब खेल रहा। जब भी पाकिस्तान की टीम भारत के सामने आई तो भीगी बिल्ली की तरह नजर आई। फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत की। एक वक्त टीम ने बिना किसी नुकसान के 80 रन बना दिए थे। लेकिन उसके बाद पाकिस्तानी टीम भरभराकर ढह गई। पूरी टीम मिलकर 146 रन ही बना सकी और अपने कोटे के पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई। यानी भारत को जीत के लिए 147 रन बनाने थे।
भारत को लगे शुरुआती झटके, लेकिन फिर तिलक वर्मा ने संभाला मोर्चा
टीम इंडिया जब रन चेज करने के लिए मैदान में उतरी तो पूरी उम्मीद थी कि टीम जीत दर्ज कर जाएगी। लेकिन भारत को जल्दी जल्दी शुरुआती झटके लगे। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल के अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव भी जल्दी आउट हो गए। लेकिन तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और आखिर तक आउट नहीं हुए। उनका साथ कुछ देर के लिए संजू सैमसन ने दिया और फिर बचा हुआ काम शिवम दुबे ने किया। भारत ने फाइनल मैच 5 विकेट से जीतकर पाकिस्तान का 3.0 से सूपड़ा साफ कर दिया।
यह भी पढ़ें
IND vs PAK: टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को पटका, बन गई एशिया कप की चैंपियन