भारतीय टीम का पिछले कुछ सालों में टी20 फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें वह घर और बाहर दोनों ही जगह पर सीरीज जीतने में कामयाब रहे हैं। टीम इंडिया अभी सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में एशिया कप 2025 में खेल रही है, जिसमें वह 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबला खेलने मैदान पर खेलने उतरेगी। इस मैच को लेकर टीम इंडिया का पलड़ा साफतौर पर भारी बताया जा रहा है, जिसकी सबसे बड़ी वजह टूर्नामेंट में अभी तक का उनका प्रदर्शन है, जिसमें एक भी मुकाबला गंवाए बिना भारतीय टीम खिताबी मैच में जगह बनाने में कामयाब हुई है। वहीं भारतीय टीम ने ऐसा पहली बार एशिया कप में नहीं किया है, बल्कि पिछले चार एशिया कप को देखा जाए तो टीम इंडिया 2 बार ये कारनामा कर चुकी है।
टीम इंडिया ने दोनों ही बार ट्रॉफी को किया अपने नाम
एशिया कप के इतिहास में अभी तक जहां सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में भारतीय टीम पहले नंबर पर काबिज हैं, तो वहीं पिछले चार एशिया कप टूर्नामेंट को देखा जाए तो उसमें टीम इंडिया का दबदबा पूरी तरह से देखने को मिला है। साल 2016 में जब एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला गया था तो उसमें टीम इंडिया ने अजेय रहते हुए फाइनल में अपनी जगह को पक्का किया था और फिर बाद में ट्रॉफी भी अपने नाम करने में कामयाब रही थी। इसके बाद साल 2018 में वनडे फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप में भारतीय टीम अजेय रहने के साथ फाइनल में पहुंची थी और ट्रॉफी को अपने नाम भी किया था। भारतीय टीम इस बार भी 6 मैच जीतने के साथ फाइनल में पहुंची है, जिसमें उसके इस रिकॉर्ड को देखने के बाद पूरी तरह से ट्रॉफी जीतने की उम्मीद की जा सकती है।
टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में बदलाव की पूरी उम्मीद
श्रीलंका के खिलाफ आखिरी सुपर-4 मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में दो बदलाव देखने को मिले थे, जिसमें जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती की जगह पर हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह को मौका मिला था। वहीं फाइनल मैच के लिए बुमराह की जहां प्लेइंग 11 में वापसी तय है तो वही अर्शदीप सिंह को इस मैच में खेलने का मौका मिलेगा या नहीं इसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। श्रीलंका के खिलाफ मैच में अर्शदीप सिंह का गेंद से काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसमें उन्होंने सुपर ओवर में टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
ये भी पढ़ें
IND vs PAK: फाइनल में विकेट लेते ही इतिहास रच देगा पाकिस्तानी बॉलर, हार्दिक पांड्या के पास भी मौका
सूर्यकुमार के पास एशिया कप 2025 में इतिहास रचने का आखिरी मौका, हिटमैन के खास क्लब में होंगे शामिल