1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सूर्यकुमार के पास एशिया कप 2025 में इतिहास रचने का आखिरी मौका, हिटमैन के खास क्लब में होंगे शामिल

सूर्यकुमार के पास एशिया कप 2025 में इतिहास रचने का आखिरी मौका, हिटमैन के खास क्लब में होंगे शामिल

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Sep 28, 2025 06:45 am IST,  Updated : Sep 28, 2025 06:45 am IST

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया एशिया कप 2025 का फाइनल खेलने के लिए तैयार हैं। खिताबी मुकाबले में भारत का पाकिस्तान की टीम से सामना होगा।

Suryakumar yadav - India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव Image Source : AP

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच 28 सितंबर को एशिया कप 2025 का खिताबी मैच खेला जाएगा। एशिया कप के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम टूर्नामेंट में लगातार 6 मुकाबले जीतकर फाइनल खेलने उतरेगी। वहीं, पाकिस्तानी टीम ने अब तक सिर्फ 2 मुकाबले हारे हैं। पाकिस्तान को ये दोनों हार भारत के खिलाफ मिली हैं। अब तीसरी बार दोनों टीमों का टूर्नामेंट में आमना-सामना होने जा रहा है।

5 से ज्यादा देशों के टूर्नामेंट में यह पहली बार होगा जब भारत और पाकिस्तान तीसरी बार भिड़ेंगे। इस दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के पास बड़ा मुकाम हासिल करने का शानदार मौका होगा। पाकिस्तान के खिलाफ अगर सूर्या 2 छक्के जड़ने में कामयाब हो जाते हैं, तो वह हिटमैन रोहित शर्मा के बहुत ही खास क्लब में शामिल हो जाएंगे।

सूर्या के निशाने पर खास मुकाम

दरअसल, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 89 T20I मैचों की 84 पारियों में 2669 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 37.59 और स्ट्राइक रेट 164.65 का है। इसमें 4 शतक और 21 अर्धशतक भी शामिल हैं। यही नहीं, उन्होंने T20I क्रिकेट में 243 चौके और 148 छक्के जड़े हैं। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 2 छक्के लगाते ही वह T20I में अपने 150 छक्के पूरे कर लेंगे और ऐसा करने वाले वह भारत के दूसरे जबकि दुनिया के महज 5वें बल्लेबाज बन जाएंगे। अब तक जिन खिलाड़ियों ने T20I में 150 छक्के जड़ने का कारनामा किया है, उनमें भारत के रोहित शर्मा, UAE के मोहम्मद वसीम, मार्टिन गुप्टिल और जोस बटलर शामिल हैं।

T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज

  • रोहित शर्मा -  205
  • मुहम्मद वसीम - 183
  •  मार्टिन गुप्टिल - 173 
  • जोस बटलर -171
  • निकोलस पूरन - 149
  • सूर्यकुमार यादव - 148

सूर्या रचेंगे इतिहास?

सूर्यकुमार यादव T20 क्रिकेट में 331 मैचों की 306 पारियों में 382 छक्के अब तक जड़ चुके हैं। उनके नाम 8691 रन भी दर्ज हैं। T20 क्रिकेट में वह विराट कोहली, रोहित शर्मा और शिखर धवन के बाद चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। जुलाई 2021 में डेब्यू करने वाले सूर्या के पास फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब जीतने का भी शानदार मौका है। अब तक किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में पाकिस्तान को हराने का बड़ा कारनामा सिर्फ भारत की ओर से महेंद्र सिंह धोनी ने किया है। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2007 में खेले गए T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था। 

यह भी पढ़ें:

अब तक इतनी टीमें जीत चुकी हैं T20 एशिया कप का खिताब, पाकिस्तान की झोली फिर भी खाली

भारतीय गेंदबाज ने तोड़ा 166 साल पुराना रिकॉर्ड, इंग्लैंड में गेंद से मचाया तहलका

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल