India A Women vs Pakistan A Women: ACC वूमेन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में इंडिया ए ने वृंदा दिनेश के शानदार अर्धशतक की बदौलत पाकिस्तान-ए को 8 विकेट से रौंद दिया। इस तरह टीम ने टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। इससे पहले टीम इंडिया को अपने पहले मैच में UAE के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था। इस हार से सबक लेते हुए टीम इंडिया ने दूसरे मैच में शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को 8 विकेट से धूल चटा दी। वृंदा दिनेश ने 29 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से नाबाद 55 रनों की पारी खेली।
इससे पहले टॉस हारने के बाद पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़कर रख दी। पाकिस्तान की पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं टिक सकी। भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 18.5 ओवर में महज 93 रनों पर ऑलआउट कर दिया। इस तरह भारत को जीत के लिए 94 रनों का मामूली लक्ष्य मिला। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 11वें ओवर में ही जीत हासिल कर ली।