आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम कौन सी होगी तो उसका फैसला भारत और पाकिस्तान की टीम के बीच में खेले जाने वाले सुपर सिक्स मुकाबले के परिणाम से होगा। दोनों टीमों के बीच ये मैच बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा, जिसमें सभी की नजरें मौसम को लेकर भी टिकी हुई हैं, जिसमें अधिकतर मैचों में बारिश का खलल देखने को मिला है। ऐसे में भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीम के बीच होने वाले इस मैच के दौरान बुलवायो में किस तरह का मौसम रहेगा हम आपको उसके बारे में बताने जा रहे हैं।
बारिश होने की उम्मीद कम
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स मुकाबले के दौरान बुलवायो के मौसम को लेकर बात की जाए तो एक फरवरी को मैच वहां के स्थानीय समयानुसार सुबह 9:30 पर शुरू होगा, जिसमें उस दौरान आसमान साफ रहने की उम्मीद है। वहीं पूरे दिन बारिश होने की संभावना पूरी तरह से ना के बराबर है जिसमें अच्छी धूप भी देखने को मिलेगी। ऐसे में मुकाबला पूरे होने की उम्मीद की जा सकती है। इस मैच के दौरान तापमान को लेकर बात की जाए तो वह 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहने की उम्मीद है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है, ताकि उनके गेंदबाज पिच में मौजूद शुरुआती नमी का फायदा उठा सके।
मुकाबला रद्द होने पर भारत को मिलेगा फायदा
इस अहम मुकाबले में यदि बारिश का खलल देखने को मिलता है जिसकी उम्मीद वेदर रिपोर्ट के अनुसार काफी कम है उसके बाद यदि मुकाबला रद्द होता है तो उसका सीधा फायदा टीम इंडिया को मिलेगा। भारतीय टीम अभी सुपर सिक्स के ग्रुप-2 में 6 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है और मैच रद्द होने पर एक अंक मिलने के साथ ही वह आराम से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं पाकिस्तानी टीम जो तीसरे नंबर पर है उसके चार अंक हैं और एक अंक उन्हें भी मिलेगा लेकिन उनका सफर 5 अंकों के साथ इस वर्ल्ड कप में सफर खत्म हो जाएगा।
पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की राह कठिन
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय टीम का अंडर-19 वर्ल्ड कप में अभी तक सफर काफी शानदार देखने को मिला है, जिसमें वह सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला जीतने के साथ ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। वहीं पाकिस्तानी टीम को लेकर बात की जाए तो उन्हें सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को ना सिर्फ मात देने होगी बल्कि बड़े अंतर से मुकाबला जीतना होगा। पाकिस्तान टीम का नेट रनरेट भारत के मुकाबले काफी खराब है, जिसमें वह इस मैच में यदि पहले बल्लेबाजी करते हैं तो कम से कम 105 रनों के अंतर से मुकाबला जीतना होगा। वहीं यदि वह 251 रनों के टारगेट का पीछा करते हैं तो उन्हें मुकाबला कम से कम 29.4 ओवर्स के अंदर जीतना होगा, जबकि इससे कम टारगेट होने पर मुकाबला और जल्दी खत्म करना होगा।
ये भी पढ़ें
सूर्यकुमार यादव ने टी20 इंटरनेशनल में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, महज इतनी गेंदों में किया ये बड़ा कारनामा