IND vs PAK: T20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक भारत-पाकिस्तान मैच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। हाल ही में पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का बहिष्कार करने का ऐलान किया। यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है, तो IND vs PAK मुकाबला रद्द हो जाएगा। हालांकि, सवाल यह है कि अगर मैच होना ही नहीं है, तो क्या टीम इंडिया को श्रीलंका यात्रा करनी चाहिए? जवाब है- हां, बिल्कुल करनी होगी। भारत को अगर इस मैच से 2 पॉइंट हासिल करने हैं, तो श्रीलंका जाना ही होगा।
कैसे मिलेंगे पूरे 2 पॉइंट?
दरअसल, पाकिस्तान अगर मैच खेलने नहीं उतरा तो, उसे हारा घोषित किया जाएगा। इस स्थिति में भारत को पूरे 2 पॉइंट तभी मिलेंगे, जब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया समय पर कोलंबो पहुंचे और तय वक्त पर मैदान में मौजूद रहे। नियमों के मुताबिक, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को टॉस के समय मैदान पर आना होगा। यदि पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए मौजूद नहीं होते हैं, तो मैच रेफरी भारतीय टीम को विजेता घोषित कर देगा और पूरे 2 पॉइंट टीम इंडिया को मिल जाएंगे।
अगर टीम इंडिया यह जानते हुए भी कि IND vs PAK मैच नहीं खेला जाएगा, श्रीलंका की यात्रा नहीं करती है, तो फिर स्थिति बदल जाएगी। ऐसी हालत में मैच रेफरी भारत और पाकिस्तान दोनों को 1-1 पॉइंट दे देगा। यानी पूरे दो पॉइंट हासिल करने के लिए टीम इंडिया को मैदान तक पहुंचना और टॉस के लिए उपलब्ध रहना अनिवार्य है। सूत्रों के मुताबिक, इसी वजह से भारतीय टीम कोलंबो जाएगी और हर मुकाबले की तरह ट्रेनिंग भी करेगी। साथ ही मैच से पहले मीडिया से मुखातिब भी होगी।
ICC पाकिस्तान के खिलाफ करेगा कार्रवाई?
फिलहाल ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से आधिकारिक तौर पर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। ICC का मानना है कि यह फैसला खेल की मूल भावना के खिलाफ है। हालांकि, ICC ने अभी तक किसी तरह के आधिकारिक प्रतिबंध या सजा का ऐलान नहीं किया है, लेकिन यह संकेत दिया है कि पाकिस्तान क्रिकेट को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
नेट रन रेट पर पड़ेगा भारी असर
भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करना पाकिस्तान बहुत महंगा पड़ सकता है। IND vs PAK मैच का बहिष्कार करने पर पाकिस्तान का नेट रन रेट बुरी तरह प्रभावित होगा, जो आगे चलकर टूर्नामेंट में उसकी राह मुश्किल कर सकता है। अब सभी की निगाहें ICC और PCB पर टिकी हैं कि क्या पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है या आखिरी वक्त में कोई बड़ा यू-टर्न लेता है।
यह भी पढ़ें:
तो इसलिए T20 वर्ल्ड कप छोड़ने का फैसला किया, पैट कमिंस का बड़ा खुलासा, IPL को लेकर दिया बड़ा अपडेट