1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA, 1st ODI Match Preview: केएल राहुल की कप्तानी में विराट कोहली पर होगी सबकी नजर

IND vs SA, 1st ODI Match Preview: केएल राहुल की कप्तानी में विराट कोहली पर होगी सबकी नजर

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 18, 2022 01:38 pm IST,  Updated : Jan 18, 2022 01:39 pm IST

कोहली क्रीज पर बल्लेबाजी करें या सीमारेखा के पास फील्डिंग, उनकी की हर एक गतिविधि पर प्रशंसकों की नजरें होंगी हालांकि राहुल की कप्तानी को भी कसौटी पर कसा जायेगा।

IND vs SA, 1st ODI Match Preview, Virat Kohli, KL Rahul, Sports, cricket, India vs South Africa - India TV Hindi
Virat Kohli and KL Rahul  Image Source : GETTY

Highlights

  • सात साल में पहली बार विराट कोहली एक बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरेंगे और सभी की नजरें उनपर होंगी
  • टी20 के बाद वह वनडे कप्तानी नहीं छोड़ना चाहते थे और इस मसले पर उनकी बीसीसीआई से ठन भी गई थी

भारत और साउथ अफ्रीफा के बीच कल वनडे मैचों की सीरीज शुरुआत हो रही है। इस मुकाबले में भारत की तरफ से सात साल में पहली बार विराट कोहली एक बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरेंगे और सभी की नजरें उनपर होंगी। इस सीरीजी में भारत की तरह से केएल राहुल कप्तानी करेंगे। वह क्रीज पर बल्लेबाजी करें या सीमारेखा के पास फील्डिंग, कोहली की हर एक गतिविधि पर प्रशंसकों की नजरें होंगी हालांकि राहुल की कप्तानी को भी कसौटी पर कसा जायेगा। देखना यह भी होगा कि वह हमेशा की तरह मैदान पर जोश और आक्रामकता से भरे दिखते हैं या टेस्ट कप्तानी के साथ क्रिकेट के हर प्रारूप में कप्तानी छोड़ने के बाद मैदान पर उदासीन नजर आते हैं। 

टी20 के बाद वह वनडे कप्तानी नहीं छोड़ना चाहते थे और इस मसले पर उनकी बीसीसीआई से ठन भी गई। उनके प्रशंसक और भारतीय क्रिकेट यही दुआ कर रहा होगा कि बीसीसीआई से अपने विवाद को भुलाकर वह अपने कैरियर की नयी पारी का आगाज करें जिसमें सिर्फ उनका बल्ला बोलता हो। दो साल बाद उनके बल्ले से शतक सोने पे सुहागा होगा। 

यह भी पढ़ें- मोहम्मद सिराज ने विराट कोहली के लिए भावुक संदेश, कप्तानी पर दिया बड़ा बयान

 

चोटिल रोहित शर्मा की जगह कप्तानी कर रहे राहुल सीरीज में कोहली से सलाह जरूर लेंगे। कोहली को बतौर बल्लेबाज ही अहम भूमिका नहीं निभानी है बल्कि जैसा कि उपकप्तान जसप्रीत बुमराह ने कहा है कि वह हमेशा टीम के अगुवा रहेंगे। नये कप्तान और सहयोगी स्टाफ के साथ यह सीरीज जीतकर भारत 2023 विश्व कप की तैयारी शुरू करना चाहेंगे। 

इसके साथ ही पिछले सप्ताह टेस्ट सीरीज में हार से मिले जख्मों पर मरहम भी लगाना है। भारत ने आखिरी बार पूरी मजबूत टीम के साथ वनडे सीरीज मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी। इसके बाद दोयम दर्जे की टीम जुलाई में श्रीलंका गई थी। राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ मध्यक्रम में बल्लेबाजी की थी और अब यह देखना है कि क्या वह फिर शिखर धवन के साथ पारी का आगाज करते हैं। 

यह भी पढ़ें- U19 WC 2022 : श्रीलंका ने चटाई ऑस्ट्रेलिया को धूल, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान ने भी दर्ज की जीत

घरेलू सत्र में शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में जगह बनाने वाले रूतुराज गायकवाड़ को डेब्यू के लिये अभी इंतजार करना होगा। धवन के लिये यह तीनों मैच काफी अहम होंगे क्योंकि टी20 टीम में अपनी जगह वह पहले ही खो चुके हैं। कोहली तीसरे नंबर पर उतरेंगे जबकि चौथे नंबर के लिये सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर के बीच में से चयन होगा। 

ऋषभ पंत पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे और वेंकटेश अय्यर छठे नंबर पर उतरकर डेब्यू कर सकते हैं। स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा युजवेंद्र चहल और आर अश्विन पर होगा। बुमराह और भुवनेश्वर कुमार तेज आक्रमण की कमान संभालेंगे जबकि तीसरे विकल्प के तौर पर दीपक चाहर, शारदुल ठाकुर और प्रसिद्ध कृष्णा में से एक को उतारा जा सकता है। 

यह भी पढ़ें- IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से बाहर हो सकते हैं बेन स्टोक्स, बताया यह कारण- रिपोर्ट

टेस्ट सीरीज में चोटिल हुए मोहम्मद सिराज भी फिट हैं। पिछले दौरे पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को वनडे सीरीज में 5-1 से हराया था हालांकि टेस्ट सीरीज जीतकर दक्षिण अफ्रीका के हौसले बुलंद हैं। तेम्बा बावुमा टेस्ट मैचों वाला फॉर्म जारी रखना चाहेंगे जबकि टेस्ट को अलविदा कह चुके क्विंटोन डिकॉक वनडे में अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेंगे। टेस्ट सीरीज में प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज मार्को जेनसन एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। 

टीमें : 

भारत : केएल राहुल (कप्तान), जसप्रीत बुमराह, शिखर धवन, रूतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, ऋषभ पंत, ईशान किशन, युजवेंद्र चहल, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्णा, शारदुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, जयंत यादव, नवदीप सैनी। 

दक्षिण अफ्रीका : तेम्बा बावुमा (कप्तान), केशव महाराज, क्विंटोन डिकॉक, जुबैर हमजा, मार्को जेनसन, जान्नेमन मलान, सिसांडा मगाला, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एंगिडि, वेन परनेल, एंडिले फेलुकवायो, ड्वेन प्रिटोरियस, कैगिसो रबाडा, तबरेज शम्सी, रासी वान डेर डुसेन, काइल वेरेन्ने। 

मैच का समय : दोपहर दो बजे से। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल