Wednesday, March 11, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. VIDEO: द्रविड़ की देखरेख में टीम इंडिया ने बहाया पसीना, उमरान और अर्शदीप को तराशने में लगे महाम्ब्रे

VIDEO: द्रविड़ की देखरेख में टीम इंडिया ने बहाया पसीना, उमरान और अर्शदीप को तराशने में लगे महाम्ब्रे

Written by: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat Published : Jun 06, 2022 10:39 pm IST, Updated : Jun 07, 2022 04:02 pm IST

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम ने कोच राहुल द्रविड़ की देखरेख में टीम ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।

bcci, indian cricket team, team india, ind vs sa, india vs south africa, - India TV Hindi
Image Source : TWITTER@BCCI Indian cricket team Practice Session

Highlights

  • भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 9 जून को होगा पहला टी-20
  • केएल राहुल संभालेंगे भारतीय टीम की कप्तानी
  • रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियरों को दिया गया है आराम

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम ने केएल राहुल के नेतृत्व में पहली बार अभ्यास किया। कोच राहुल द्रविड़ की देखरेख में भारतीय टीम ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (पूर्व में फिरोजशाह कोटला) में आयोजित पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अलग-अलग तरीके से खुद को तैयार करने की कोशिश की। भारतीय टीम के लिए इस सीरीज से बायो बबल खत्म कर दिया गया है और खिलाड़ियों को सिर्फ कोविड टेस्ट पास करना होगा। ऐसे में टीम इंडिया रविवार को ही दिल्ली पहुंच गई थी और इसके बाद उसने आज पहले अभ्यास सत्र में अपनी तैयारियों को परखा। 

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की तरफ से उनके सोशल मीडिया हैंडल पर टीम के अभ्यास की तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए गए। इनके कैप्शन में लिखा, "नीली जर्सी में वापसी और तैयारी शुरू।"

भारतीय खिलाड़ियों की तैयारी की बात करें तो उमरान मलिक ने देर तक गेंदबाजी की लेकिन इस दौरान उनके साथी गेंदबाज अर्शदीप ने अपने यॉर्कर कौशल से अधिक प्रभावित किया। इन दोनों युवा खिलाड़ियों को हालांकि भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, आवेश खान की मौजूदगी के कारण टीम में जगह मिलने का इंतजार करना पड़ सकता है। 

भारतीय टीम ने कोच राहुल द्रविड़ और पारस महाम्ब्रे की देखरेख में शाम के सत्र में जमकर पसीना बहाया। इस सत्र के दौरान उमरान की तेज गेंदों पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने करारे शॉट लगाये। जबकि युवा अर्शदीप ने पहले शॉट गेंदें डाली लेकिन बाद में गेंदबाजी कोच महाम्ब्रे की देखरेख में अपने यॉर्कर को और सटीक करने का अभ्यास किया। महाम्ब्रे ने बीच की विकेट के सामने क्रीज पर ग्लव्स और वाइड लाइन के सामने एक बोतल रख दी और अर्शदीप को अलग-अलग गेंदों पर इन दोनों को निशाना बनाना था। अर्शदीप गेंद डालने के बाद कोच से पूछ रहे थे, 'ठीक है?' जिस पर महाम्ब्रे ने उनसे गेंद की दिशा की जगह लंबाई पर ध्यान देने की सलाह दी। 

गर्मी की परिस्थितियों में आम तौर पर तेज गेंदबाज ज्यादा देर तक अभ्यास नहीं करते हैं लेकिन अर्शदीप और उमरान ने अधिक समय तक अभ्यास किया। श्रृंखला में भारतीय तेज गेंदबाजी की अगुआई भुवनेश्वर करेंगे जिन्होंने मुश्किल से 15 मिनट की गेंदबाजी की। इस दौरान हर्षल पटेल, हार्दिक पंड्या और युजवेंद्र चहल ने टीम सत्र के दौरान विश्राम किया। आमतौर पर मैच से पहले अधिक गेंदबाजी करने वाले गेंदबाजों को टीम में मौका नहीं मिलता है। 

टीम में वापसी करने वाले 36 साल के दिनेश कार्तिक ने थ्रोडाउन विशेषज्ञों के साथ  'लैप स्कूप' और 'रिवर्स स्कूप' शॉट का अभ्यास किया। टीम के उपकप्तान पंत की मौजूदगी में हालांकि अंतिम एकादश में उन्हें मौका मिलना मुश्किल होगा। डीडीसीए के मैदानकर्मियों ने कहा कि रात आठ बजे के बाद मैदान में ओस होगी लेकिन भारतीय टीम ने गीली गेंद से अभ्यास नहीं किया। 

बता दें कि इस सीरीज में रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। उनकी जगह टीम में उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह जैसे युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया। जबकि दिनेश कार्तिक की लंबे समय बाद टीम में वापसी हुई है। इनके अलावा हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव और चहल को भी शामिल किया गया है। 

भारतीय टीम स्क्वॉड: 

केएल राहुल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर/उपकप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, , दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement